Friday, October 30, 2026
Homeहरियाणाहरियाणा में शुरू हुआ "बाल सारथी" इंटर्नशिप कार्यक्रम, कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों के...

हरियाणा में शुरू हुआ “बाल सारथी” इंटर्नशिप कार्यक्रम, कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी देंगे आंगनवाड़ी केंद्रों पर सेवाएं

चंडीगढ़ : महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा द्वारा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में योगदान देने और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “बाल सारथी” इंटर्नशिप कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों तथा समुदाय के इच्छुक व्यक्तियों को आंगनवाड़ी केंद्रों पर प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा में अपना बहुमूल्य योगदान देने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस इंटर्नशिप कार्यक्रम से जुड़ने के लिए किसी भी कॉलेज या विश्वविद्यालय का विद्यार्थी या समुदाय का कोई भी ऐसा इच्छुक व्यक्ति पात्र है, जो ईसीसीई (ECCE) में अपना योगदान देना चाहता है। इस इंटर्नशिप की अवधि न्यूनतम 2 माह से लेकर अधिकतम 6 माह तक निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के दौरान इंटर्न की भूमिका खेल आधारित गतिविधियों में सहयोग करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग करने तथा बच्चों के सीखने और उनके समग्र विकास में सहायता प्रदान करने की होगी।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस इंटर्नशिप से जुड़ने वाले युवाओं को अमूल्य व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा, साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा द्वारा उन्हें प्रमाण-पत्र तथा विशेषज्ञ मार्गदर्शन और मेंटोरिंग भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में आवेदन करने की प्रक्रिया बेहद सरल है, जिसके तहत आवेदक ‘बाल सारथी’ पोर्टल पर जा सकते हैं, अपनी जानकारी पंजीकृत कर सकते हैं, आवश्यक विवरण अपलोड कर सकते हैं और अपना आवेदन सबमिट कर सकते हैं।

हरियाणा सरकार ने युवाओं से आह्वान किया है कि वे “अपना समय दें, अपना अनुभव बढ़ाएं” और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में अपना सकारात्मक योगदान दें।

RELATED NEWS

Most Popular