Rohtak News : महर्षि दयानन्द यूनिवर्सिटी की इंटर कॉलेज महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में वैश्य महिला महाविद्यालय रोहतक विजेता बना। पं नेकी राम शर्मा राजकीय महाविद्यालय में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबले में वैश्य महिला महाविद्यालय, रोहतक ने महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय, रोहतक को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के खेल निदेशक कुलताज सिंह समापन समारोह में मुख्य अतिथि रहे।
इस खेल प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में टीकाराम गर्ल्स कॉलेज, सोनीपत ने राजकीय महाविद्यालय, बादली को 2-0 से पराजित किया। फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें वैश्य महिला महाविद्यालय की खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, रणनीति और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय की टीम उपविजेता रही।
मुख्य अतिथि खेल निदेशक कुलताज सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने तथा विश्वविद्यालय एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल भी आयोजित किए गए, जिनमें प्रदर्शन, तकनीकी दक्षता और फिटनेस के आधार पर 30 खिलाड़ियों का चयन किया गया।

