Saturday, August 29, 2026
Homeहरियाणारोहतकराष्ट्रीय खेल दिवस पर रोहतक में हॉकी का रोमांच, खिलाड़ियों ने दिखाया...

राष्ट्रीय खेल दिवस पर रोहतक में हॉकी का रोमांच, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रोहतक : महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को राजीव गांधी खेल परिसर, रोहतक के हॉकी मैदान ( एस्ट्रोटर्फ) में जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन खेल विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें रोहतक जिले के विभिन्न ब्लॉकों की टीमों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

डॉक्टर जनक राज ने बताया कि कार्यक्रम में दीपक शर्मा, निजी सहायक, मुख्यमंत्री, हरियाणा सरकार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अनूप सिंह, कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी रोहतक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि दीपक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, मेहनत, समर्पण और मजबूत चरित्र निर्माण का माध्यम हैं। खिलाड़ियों को खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिभावान खिलाड़ी ही भविष्य में हरियाणा और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे तथा सफलता के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन और निरंतर मेहनत भी आवश्यक है।

शिक्षा विभाग में कार्यरत संदीप दांगी (डीपीई) ने बताया कि प्रतियोगिता में लड़कों की चार तथा लड़कियों की तीन टीमों ने भाग लिया। सभी मुकाबले कड़े, रोमांचक एवं उच्च स्तरीय रहे। लड़कों के वर्ग में पहले मुकाबले में राजीव गांधी स्टेडियम, रोहतक की टीम ने लाखन माजरा स्टेडियम की टीम को 2-1 से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में बोहर स्टेडियम की टीम ने गिरावड़ को 3-2 से हराया। फाइनल मुकाबले में राजीव गांधी स्टेडियम, रोहतक की टीम ने बोहर स्टेडियम को 3-1 से पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। बोहर स्टेडियम द्वितीय तथा गिरावड़ की टीम तृतीय स्थान पर रही।

लड़कियों के वर्ग में गिरावड़ की टीम ने लाखन माजरा स्टेडियम की टीम को 1-0 से पराजित किया, जबकि राजीव गांधी स्टेडियम , रोहतक की टीम ने सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम को 2-1 से हराया। फाइनल मुकाबले में राजीव गांधी स्टेडियम की टीम ने गिरावड़ को 2-1 से पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। गिरावड़ द्वितीय तथा लाखन माजरा की टीम तृतीय स्थान पर रही।

इस अवसर पर नीरज मलिक, डीपीई एवं प्रधान, शारीरिक शिक्षक संघ रोहतक ने खिलाड़ियों के लिए जलपान और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था करवाई। कार्यक्रम में संजय कुमार, एईओ, संदीप दांगी, डीपीई, अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी डॉ. जनक राज, विकास सैनी, नर्सरी कोच, अशोक (रेलवे हॉकी प्रशिक्षक), सुमित्रा राठी (हॉकी प्रशिक्षिका), मनीष, नीलम, देवेंद्र, डीपीई, पवन कुमार, जितेंद्र, डीपीई तथा शत्रुंजय सहित अनेक खेल अधिकारी, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में अर्जुन, ईशु, मिस्टी, साहिल, हिमांशु, चिराग, जतिन, महक, नैंसी, यामिनी, खुशी, पायल, गुंजन, जिया और निकिता सहित खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular