Wednesday, October 7, 2026
Homeहरियाणासिंगापुर से हरियाणा में आएगा ₹5,500 करोड़ का निवेश, हेल्थ, जल प्रबंधन...

सिंगापुर से हरियाणा में आएगा ₹5,500 करोड़ का निवेश, हेल्थ, जल प्रबंधन और शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

  • हेल्थ एवं वेलनेस में 3,000 करोड़, जल उपचार एवं प्रबंधन में 1,500 करोड़ और शिक्षा क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपये के एमओयू हुए
  • मुख्यमंत्री सैनी बोले—हरियाणा निवेशकों के लिए भरोसेमंद, सुरक्षित और आकर्षक गंतव्य

हरियाणा को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का सिंगापुर दौरा महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ संपन्न हुआ। दौरे के दौरान विभिन्न कंपनियों और संस्थानों ने हरियाणा में लगभग 5,500 करोड़ रुपये के निवेश के लिए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर सहमति व्यक्त की। इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में औद्योगिक विकास के साथ-साथ आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, जल प्रबंधन, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों को गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि सिंगापुर दौरा ‘विकसित हरियाणा-विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करने वाला साबित होगा। हरियाणा के प्रति वैश्विक निवेशकों की बढ़ती रुचि यह दर्शाती है कि प्रदेश आज निवेश, नवाचार और उद्योग के लिए एक भरोसेमंद एवं आकर्षक गंतव्य के रूप में तेजी से उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को पारदर्शी प्रशासन, बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत आधारभूत ढांचा, कुशल मानव संसाधन और अनुकूल कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना ही नहीं, बल्कि निवेश को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारकर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना है।

हेल्थ एवं वेलनेस क्षेत्र में 3,000 करोड़ रुपये का निवेश

मुख्यमंत्री  के सिंगापुर दौरे के दौरान हेल्थ एवं वेलनेस सेक्टर में लगभग 3,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी। प्रस्तावित निवेश से हरियाणा में अत्याधुनिक अस्पतालों, स्वास्थ्य सेवा केंद्रों, वेलनेस सुविधाओं, चिकित्सा अनुसंधान और स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के विस्तार को बल मिलने की संभावना है।

जल उपचार एवं प्रबंधन में 1,500 करोड़ रुपये के निवेश की तैयारी

सिंगापुर की उन्नत जल प्रबंधन तकनीकों को देखते हुए जल उपचार एवं प्रबंधन क्षेत्र में भी हरियाणा के प्रति निवेशकों ने विशेष रुचि दिखाई। इस क्षेत्र में लगभग 1,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी है।

इन निवेशों से आधुनिक जल उपचार संयंत्रों, सीवेज ट्रीटमेंट, औद्योगिक जल प्रबंधन, जल के पुन: उपयोग (रीयूज) और स्मार्ट जल प्रबंधन प्रणालियों के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

शिक्षा एवं कौशल विकास में 1,000 करोड़ रुपये के निवेश पर सहमति

शिक्षा क्षेत्र में भी लगभग 1,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी है। इससे आधुनिक शैक्षणिक संस्थानों, कौशल विकास केंद्रों, तकनीकी शिक्षा, डिजिटल लर्निंग और रोजगारपरक प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की संभावना है।

निवेशकों के लिए हरियाणा बना भरोसेमंद डेस्टिनेशन : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्रीसैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए नीतिगत सुधार, बेहतर आधारभूत ढांचा और सुगम कारोबारी वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया है। सरकार का प्रयास है कि निवेशकों को परियोजना की स्थापना से लेकर उसके संचालन तक हर चरण में आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध हों।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) से निकटता, मजबूत सड़क एवं रेल संपर्क, विकसित औद्योगिक आधार, कुशल मानव संसाधन और देश के प्रमुख औद्योगिक एवं ऑटोमोबाइल केंद्रों में शामिल होना हरियाणा की बड़ी ताकत है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इन क्षमताओं का प्रभावी उपयोग करते हुए हरियाणा को देश के अग्रणी निवेश, उद्योग और नवाचार केंद्र के रूप में विकसित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर के साथ बढ़ता सहयोग हरियाणा को वैश्विक निवेश और तकनीकी सहयोग के नए द्वार खोलने में मदद करेगा।

 

RELATED NEWS

Most Popular