Saturday, November 21, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में पानी की किल्लत दूर करने के लिए बनेगा नया जलघर

रोहतक में पानी की किल्लत दूर करने के लिए बनेगा नया जलघर

कविता.रोहतक : शहर में पेयजल की किल्लत दूर करने और बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने नई योजनाओं पर काम शुरू कर दिया है। शहर में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जलघरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके तहत मौजूदा जलघरों में अतिरिक्त टैंक बनाने के साथ तिलियार के पास नया जलघर स्थापित करने की योजना है।

वहीं, पुराने शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से शहर के साथ आसपास के गांवों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

तिलियार के पास बनेगा नया जलघर, 8 गांवों को मिलेगा फायदा

रोहतक में पेयजल आपूर्ति बढ़ाने के लिए तिलियार झील के पास नया जलघर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस परियोजना के माध्यम से आसपास के आठ गांवों तक नहरी पानी पहुंचाने की योजना है।

करीब 210 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता बेहतर होगी। नया जलघर बनने से ग्रामीणों को नियमित पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

जलघरों में बढ़ेगी स्टोरेज क्षमता, अतिरिक्त टैंक बनेंगे

शहर में पानी की बढ़ती मांग को देखते हुए मौजूदा जलघरों की भंडारण क्षमता बढ़ाने की तैयारी है। इसके तहत एक अतिरिक्त टैंक का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा एक किलोलीटर क्षमता वाले वाटर टैंक का निर्माण भी प्रस्तावित है। पुराने टैंकों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा बेहतर स्थिति में लाया जाएगा। इससे जलघरों में पानी का पर्याप्त भंडारण हो सकेगा और सप्लाई के दौरान आने वाली दिक्कतों को कम किया जा सकेगा।

15 करोड़ से बिछेगी नई पाइपलाइन, जर्जर नेटवर्क होगा मजबूत

शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। इसके तहत जे एल एन कैनाल से सोनीपत रोड स्थित जलघर तक नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। पुरानी और कमजोर पाइपलाइनों के कारण कई बार पानी की आपूर्ति प्रभावित होती है। नई पाइपलाइन से जलघर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत होगी। इससे शहर के उन इलाकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, जहां कम प्रेशर और अनियमित सप्लाई की शिकायतें सामने आती हैं।

सीवरेज व्यवस्था सुधारने पर भी खर्च होंगे करोड़ों रुपये

पेयजल के साथ शहर की सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने की योजना भी तैयार की गई है। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में नई सीवरेज लाइनें बिछाई जाएंगी और क्षतिग्रस्त पुरानी लाइनों को बदला जाएगा। जिन क्षेत्रों में सीवरेज जाम होने या ओवरफ्लो की समस्या रहती है, वहां मशीनों और आधुनिक तकनीक की मदद से सफाई कराई जाएगी। इसके अलावा मुख्य सड़कों के नीचे से गुजर रही सीवरेज लाइनों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि सड़क धंसने और सीवरेज ओवरफ्लो जैसी समस्याओं से लोगों को निजात मिल सके।

RELATED NEWS

Most Popular