Saturday, November 21, 2026
Homeहरियाणारिश्वत लेते पकड़ा गया CGST सुपरिटेंडेंट निकला करोड़पति! विदेशी करेंसी और करोड़ों...

रिश्वत लेते पकड़ा गया CGST सुपरिटेंडेंट निकला करोड़पति! विदेशी करेंसी और करोड़ों का सोना-चांदी बरामद

पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (CGST) सुपरिंटेंडेंट के आवास पर केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की छापेमारी में करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी और कीमती सामान बरामद हुआ है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

आरोपी अधिकारी को 19 नवंबर 2026 को 10 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। सीबीआई ने  शिकायत के आधार पर उक्त आरोपी के विरुद्ध यह मामला दर्ज किया था।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अधिकारी पर एक निजी फर्म के GST मामले में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद CBI ने जाल बिछाकर उसे रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

इसके बाद 20 नवंबर को आरोपी के पंचकूला स्थित आवास पर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान 24.29 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा और करीब 15.65 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा मिली। इसके अलावा करीब 1.46 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण, गोल्ड बुलियन और चांदी भी बरामद हुई।

छापेमारी के दौरान छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के वाहनों तथा वित्तीय लेन-देन के कागजात भी CBI ने कब्जे में लिए हैं।

फिलहाल CBI बरामद दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी की संपत्ति और आय के स्रोतों का पता लगाया जा सके।

RELATED NEWS

Most Popular