हिसार पुलिस ने फिरौती के मामलों में वांछित आरोपी प्रदीप को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी हिसार में भी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल .32 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
शनिवार को हिसार पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि फिरौती के मामलों में वांछित आरोपी प्रदीप किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मौजूद है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू करने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान आरोपी प्रदीप के पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया। इस घटनाक्रम में एक गोली पुलिस कर्मचारी की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी लगी।
रोहतक व करनाल में फिरौती के मामलों में वांछित
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रदीप, निवासी हिसार, रोहतक और करनाल में फिरौती के मामलों में वांछित है। आरोपी के खिलाफ थाना IMT रोहतक में मुकदमा नंबर 264 दिनांक 22.10.2026 दर्ज है। उक्त मामले में आरोपी व उसके साथी द्वारा स्कूल संचालक से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी तथा फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। फिरौती की रकम न मिलने पर आरोपियों ने 09.11.2026 की रात स्कूल के बोर्ड पर फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया था।
इसके अतिरिक्त, थाना मधुबन, करनाल में भी आरोपी के खिलाफ फिरौती मांगने व फायरिंग की वारदात से संबंधित मामले दर्ज हैं। आरोपी व उसके साथी द्वारा गांव के सरपंच से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। फिरौती न देने पर गांव के एंट्री बोर्ड पर फायरिंग कर भय का माहौल पैदा करने का प्रयास किया गया था।
इसके अलावा, आरोपी प्रदीप के खिलाफ थाना शहर हिसार में मुकदमा नंबर 207 दिनांक 04.04.2022, धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120-B IPC के तहत धोखाधड़ी एवं जालसाजी से संबंधित मामला भी दर्ज है।
आरोपी से गहन पूछताछ जारी
आरोपी को गिरफ्तार कर उससे गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपी द्वारा की गई अन्य वारदातों, अवैध हथियारों के स्रोत, आपराधिक नेटवर्क तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई जारी है।

