Saturday, November 21, 2026
Homeहरियाणाहरियाणा पुलिस की बड़ी पहल: अब धार्मिक स्थलों पर मोबाइल टूरिस्ट पुलिस...

हरियाणा पुलिस की बड़ी पहल: अब धार्मिक स्थलों पर मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट से मिलेगी सुरक्षा

हरियाणा पुलिस ने धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा एवं सहायता को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश की पहली मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की शुरुआत की है। कपालमोचन, जिला यमुनानगर में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने इस मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का उद्घाटन किया।

इस अभिनव पहल का उद्देश्य पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को उनके भ्रमण के दौरान एक ही स्थान पर पुलिस सहायता, आवश्यक मार्गदर्शन तथा आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना है। मोबाइल पुलिस पोस्ट के माध्यम से पुलिस सहायता को स्थायी स्थानों तक सीमित रखने के बजाय सीधे लोगों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता सुनिश्चित की जा सके।

आधुनिक सुविधाओं एवं प्रशिक्षित स्टाफ से सुसज्जित

मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट को विशेष रूप से पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें कुल 7 प्रशिक्षित स्टाफ सदस्य तैनात रहेंगे, जिनमें 4 सी पी आर (Cardiopulmonary Resuscitation) प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तथा एक फार्मासिस्ट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों की सहायता के लिए 2 व्हीलचेयर और 2 स्ट्रेचर भी उपलब्ध करवाए गए हैं। यह मोबाइल यूनिट न केवल पर्यटकों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करेगी, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों में प्राथमिक सहायता उपलब्ध करवाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

पर्यटन सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती

हरियाणा पुलिस की इस पहल से कपिल मोचन जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध होगा। साथ ही, यह पहल पर्यटन स्थलों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति, जनसहयोग और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और मजबूत करेगी।

मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट से पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता होगी और अधिक सुलभ: डीजीपी अजय सिंघल

डीजीपी हरियाणा अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर नई पहल कर रही है। प्रदेश की पहली मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य पर्यटकों को केवल पुलिस सुरक्षा ही नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मार्गदर्शन, आपातकालीन सहायता एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि मोबाइल पुलिस पोस्ट के माध्यम से पुलिस सहायता को सीधे लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे विशेष रूप से धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और अन्य जरूरतमंद पर्यटकों को काफी लाभ मिलेगा। हरियाणा पुलिस का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु एवं पर्यटक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और उसे एक सुखद एवं सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्राप्त हो।

गुरुग्राम और कुरुक्षेत्र में भी शुरू की जाएंगी ऐसी मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट: डीजीपी 

डीजीपी हरियाणा अजय सिंघल ने कहा कि पंचकूला स्थित माता मनसा देवी टूरिस्ट पुलिस स्टेशन की स्थापना के बाद मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की शुरुआत हरियाणा पुलिस की पर्यटन सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अगला कदम है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस का लक्ष्य प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाना है। इसी कड़ी में भविष्य में गुरुग्राम और कुरुक्षेत्र जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर भी मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू करने की योजना है, ताकि पर्यटकों को तुरंत पुलिस सहायता, आवश्यक मार्गदर्शन और आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस आधुनिक सुविधाओं और जनहितकारी पहलों के माध्यम से पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

RELATED NEWS

Most Popular