रोहतक : माता दरवाजा स्थित संकट मोचन मंदिर में शनिवार को तुलसी माता और भगवान शालिग्राम कर विवाह उत्सव हिंदु रीतिरिवाज की तर्ज पर धूमधाम और हर्षोल्लास से कराया गया। वृंदावन से आई है बारात आज मेरी तुलसा की ग्वाले भी आए संग सुदामा को लाए शालिग्राम भी आए है, तुलसी की बारात आई है श्री राधे राधे बोलो, तुलसी हमारी दुल्हन बनी है दूल्हा बने शालिग्राम बोलो राधे राधे, रथ पर बैठे हैं शालिग्राम बोलो राधे राधे भजनों पर बारात में नाचते झूमते दिखाई दिए । कार्यक्रम में साध्वी मानेश्वरी देवी के प्रवचन हुए और पंडित अशोक शर्मा ने प्रसाद बांटा। यह जानकारी सचिव गुलशन भाटिया ने दी।
कार्यक्रम में शनिवार को माता तुलसी-भगवान शालिग्राम विवाह कराने के लिए परमश्रद्धेया साध्वी मानेश्वरी देवी ने भक्तों संग मंदिर से भगवान शालिग्राम (लड़का पक्ष की ओर से ) की बारात गाजे-बाजे, नाचते-गाते व आतिशबाजी और महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए निकाली । लाइटों- फूलों से सुसज्जित रथ पर विराजमान शालिग्राम और ब्रह्मलीन साध्वी गुरुमां गायत्री जी प्रतिमा ने सबका मन मोहा।
बारात आरंभ होने से पूर्व बारतियों को सांबर, चावल, दूध और रास्ते में बारात का ठहराव करके चाय-बिस्कुट का प्रसाद दिया गया। बारात पुराना सदर थाना, गढ़ी मौहल्ला, बाबरा मौहल्ला, बड़ा बाजार से होते हुए केवज गंज सावन मल व आशा विज (तुलसी माता लडक़ी वाले ) के यहां पहुंची। जहां दुल्हन के परिजनों ने पुष्प वर्षा करके बारातियों का स्वागत किया ।शालिग्राम तुलसी के विवाह को लेकर सभी में काफी उत्साह देखने को मिला । तुलसी माता को लाल चुनरी ओढ़ाकर दुल्हन की तरह सजाया गया था और श्रृंगार का सामान रखा गया।
वैदिक मंत्रोचार के साथ माता तुलसी शालिग्राम प्रभु संग 7 फेरे लेकर तुलसी शालिग्राम का विवाह संपन्न हुआ । वर-वधु पक्ष की मिलनी, डोली और विदाई की रस्म अदा हुई । इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में लोग तुलसी शालिग्राम विवाह के साक्षी बने। तत्पश्चात भंडारे का आयोजन हुआ।
इसलिए प्रभु शालिग्राम से होता है मां तुलसी का विवाह : साध्वी मानेश्वरी देवी
साध्वी मानेश्वरी देवी ने बताया कि तुलसी विवाह के दिन तुलसी के पौधे का शालिग्राम से हिंदू परंपरा अनुसार विवाह कराया गया । शालिग्राम को भगवान विष्णु का अवतार माना गया है । तुलसी विवाह को कन्यादान के बराबर माना जाता है । उन्होंने कहा कि पौराणिक कथा के अनुसार एक बार माता तुलसी ने भगवान विष्णु को नाराज होकर श्राप दे दिया था कि तुम काला पत्थर बन जाओ ।जिसके बाद इस श्राप से मुक्ति पाने के लिए भगवान विष्णु ने शालीग्राम पत्थर के रूप में अवतार लिया और तुलसी से विवाह किया। तभी से शालीग्राम और तुलसी के विवाह को एक त्योहार के तौर पर मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि वृंदा ने नारायण को तो श्राप से मुक्त कर दिया लेकिन उसने स्वयं आत्मदाह कर लिया, जिस स्थान पर वृंदा भस्म हुई वहां तुरंत एक पौधा उग गया, जिसे विष्णु भगवान ने तुलसी का नाम दिया और बोले कि शालिग्राम नाम से मेरा एक रूप इस पत्थर में हमेशा विराजमान रहेगा, जिसकी पूजा सदैव के लिए तुलसी के साथ ही की जाएगी। इसी कारण से हर साल देवउठनी एकादशी और द्वादशी पर भी श्री हरि के स्वरूप शालिग्राम जी और देवी तुलसी का विवाह कराया जाता है।
अपना जीवन सदैव भक्ति में लगाएं : साध्वी मानेश्वरी देवी
साध्वी मानेश्वरी देवी ने भक्तों को प्रवचन देते हुए कहा कि हमें अपना जीवन सदैव भक्ति और गुरू की शरण में लगानी चाहिए। यदि आज हम अपना जीवन धार्मिक संस्कृति की ओर ले जाएंगे तो भी हमारी आने वाली पीढी धार्मिक संस्कृति को बचाएगी। हमें सदैव गुरू की शरण में रहना चाहिए। हमें किसी से क्रोध आपसी मन मुटाव से नहीं रहना चाहिए हमें सदैव मिलकर ही रहना चाहिए।

