Wednesday, May 20, 2026
Homeहरियाणा“हरियाणा रोडवेज की एचवीएसी बसें अब केवल हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकृत...

“हरियाणा रोडवेज की एचवीएसी बसें अब केवल हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकृत ढाबों पर ही रुकेंगी” 

चंडीगढ़: हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने प्रदेश की जनता को बेहतर, सुरक्षित और अनुशासित परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है और अब हरियाणा राज्य परिवहन की सभी एच०वी०ए०सी० बसों को जलपान हेतु केवल हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकृत ढाबों पर ही रोका जाएगा।

परिवहन मंत्री के निर्देशों की अनुपालना में हरियाणा राज्य परिवहन के महानिदेशक द्वारा एक पत्र प्रदेश के सभी महाप्रबंधकों को जारी किया गया हैं।

परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण में जलपान की सुविधा मिल सके।

विज ने बताया कि हरियाणा पर्यटन विभाग के ढाबे गुणवत्ता, स्वच्छता और सरकारी मानकों के अनुरूप संचालित होते हैं। ऐसे में राज्य परिवहन की एचवीएसी बसों को केवल अधिकृत पर्यटन ढाबों (हरियाणा क्षेत्र) पर रोकने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी और परिवहन व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता एवं अनुशासन सुनिश्चित होगा।

उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि हरियाणा क्षेत्र में किसी भी स्थिति में एचवीएसी बसों को निजी ढाबों पर न रोका जाए। इसके लिए सभी चालक एवं परिचालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के आदेश भी दिए गए हैं।

परिवहन मंत्री अनिल विज ने स्पष्ट करते हुए बताया कि यदि किसी स्तर पर इन निर्देशों की अवहेलना पाई जाती है तो संबंधित चालक अथवा परिचालक के विरुद्ध विभागीय नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

विज ने बताया कि हरियाणा सरकार यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत व प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग में अनुशासन, पारदर्शिता और यात्रियों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित में आवश्यक निर्णय लिए जाते रहेंगे।

RELATED NEWS

Most Popular