- 16 दिसंबर को ज्योतिसर में होगा ‘पाञ्चजन्य-2026 अफ्रीका-हरियाणा कॉन्क्लेव’, व्यापार एवं औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर होगा मंथन
- 70 से अधिक देशों के विद्यार्थियों को गीता महोत्सव से जोड़ेगा आई सीसीआर, 90 से अधिक देशों में होंगे महोत्सव के कार्यक्रम
हरियाणा के धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक 11वें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इस वर्ष पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेंगे। वहीं, मॉरीशस के राष्ट्रपति श्री धरमबीर गोखूल 14 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
सीएम नायब सिंह सैनी ने यह जानकारी शनिवार को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री श्री उमेश राय, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज और पूर्व राज्य मंत्री श्री सुभाष सुधा भी उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में कुरुक्षेत्र आगमन के दौरान कुरुक्षेत्र को गीता स्थली के रूप में पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही थी। उनसे प्रेरणा प्राप्त कर वर्ष 2016 में कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत की गई। पिछले 10 वर्षों में इस महोत्सव को अपार सफलता और लोकप्रियता मिली है। मॉरीशस, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, इंडोनेशिया और जापान समेत अन्य देशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का भव्य आयोजन हो चुका है।
पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल होंगे सहयोगी राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेंगे। दोनों प्रदेशों द्वारा पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक पैवेलियन स्थापित किया जाएगा, जहां पर्यटक एवं श्रद्धालु इन राज्यों की संस्कृति, शिल्प और खान-पान से परिचित हो सकेंगे।
5 दिसंबर को शिल्प एवं सरस मेले से होगा महोत्सव का आगाज
सीएम ने बताया कि महोत्सव का आगाज़ 5 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर के तट पर विशाल शिल्प एवं सरस मेले से होगा। यह मेला 25 दिसंबर तक कुल 21 दिन चलेगा। इसमें राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों एवं शिल्पकारों का संगम देखने को मिलेगा। 4 दिसंबर को ज्योतिसर से सरस्वती सेतु, पीपली तक विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से गीता सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। 5 दिसंबर को गीता रन का आयोजन भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को मॉरीशस के राष्ट्रपति श्री धरमबीर गोखूल ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसी दिन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का शुभारंभ होगा। इसमें देश-विदेश के गीता मर्मज्ञ, विद्वान एवं शोधार्थी ऑनलाइन माध्यम से भी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के माध्यम से 16 देशों के 20 विद्वान इस संगोष्ठी में भाग लेंगे।
सीएम ने कहा कि विदेश मंत्रालय के माध्यम से 90 से अधिक देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा अन्य देशों में भी महोत्सव का लाइव प्रसारण किया जाएगा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अतिरिक्त एनआईडी तथा आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र द्वारा भी 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक अपने-अपने संस्थानों में गीता सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।
संत सम्मेलन, देवस्थानम सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
सीएम ने बताया कि 7 दिसंबर से 13 दिसंबर तक गीता ज्ञानम् संस्थान में कथा का आयोजन किया जाएगा। 13 दिसंबर को कुरुक्षेत्र मेले में संत सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रख्यात संत गीता एवं अध्यात्म विषय पर चर्चा करेंगे। इसी प्रकार 18 और 19 दिसंबर को अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें भारतवर्ष की विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों सहित 20 से अधिक देशों के संत भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर भव्य भजन संध्या एवं गीता महाआरती का आयोजन होगा। 10 दिसंबर से 20 दिसंबर तक 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि के तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक प्रतिदिन ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में गीता, महाभारत एवं श्रीकृष्ण विषय पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने कहा कि गीता जयंती के अवसर पर 20 दिसंबर को ज्योतिसर तीर्थ पर गीता यज्ञ, गीता पाठ एवं भागवत कथा का आयोजन होगा। इसी दिन थीम पार्क, कुरुक्षेत्र में 27 हजार विद्यार्थियों की प्रत्यक्ष सहभागिता तथा 1 लाख से अधिक विद्यार्थियों के ऑनलाइन जुड़ाव से गीता का वैश्विक पाठ किया जाएगा। इसमें देश-विदेश से लाखों गीता प्रेमी एवं श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़ेंगे।
सीएम ने बताया कि 8 दिसंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें कुरुक्षेत्र भूमि की 182 तीर्थ समितियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। 20 दिसंबर को गीता जयंती के दिन कुरुक्षेत्र भूमि के सभी 182 तीर्थों पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसी दिन गीता शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें नगर की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाएं भाग लेंगी।
ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी और विद्यार्थियों के लिए होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर 22 नवंबर से 4 दिसंबर तक ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थियों सहित आम लोग भी भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि 17 से 19 दिसंबर तक सन्निहित सरोवर एवं ब्रह्मसरोवर पर विद्यार्थियों के लिए गीता श्लोकोच्चारण, भाषण, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली और क्राफ्ट सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा, हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ब्रह्मसरोवर पर 14 दिसंबर से 25 दिसंबर तक गीता पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के प्रमुख प्रकाशक शामिल होंगे। पुरुषोत्तमपुरा बाग में 14 दिसंबर से 25 दिसंबर तक हरियाणा के विकास एवं उन्नति को दर्शाती प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र विशेष में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा विभिन्न धार्मिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
सीएम ने बताया कि महोत्सव में 18 से अधिक देशों के 60 शिल्पकार अपनी शिल्पकला का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न भाषाओं में गीता के संस्करणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। महोत्सव में हरियाणा की संस्कृति, शिल्प और खान-पान से संबंधित हरियाणा पैवेलियन भी बनाया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यटक एवं तीर्थयात्री प्रदेश की समृद्ध संस्कृति से रूबरू होंगे। इसके अलावा 22 दिसंबर को ‘बलराम’ कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा।
हरियाणा के सभी जिलों में 18 से 20 दिसंबर तक होंगे गीता महोत्सव के कार्यक्रम
सीएम ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर 18 से 20 दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे। 20 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में गीता शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसी दिन सभी जिलों में 1800 विद्यार्थियों द्वारा गीता का वैश्विक पाठ किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में ग्राम पंचायतों द्वारा अपने तीर्थों पर सायंकाल दीपोत्सव भी मनाया जाएगा।
पहली बार भारतीय वायु सेना तथा इसरो द्वारा पुरुषोत्तमपुरा बाग में लगाई जाएंगी प्रदर्शनियां
सीएम ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में कई विशेष एवं नए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विदेश मंत्रालय के माध्यम से इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस (आईसीसीआर) पहली बार विशेष प्रदर्शनी लगाएगा तथा 70 से अधिक देशों के विद्यार्थियों को भी गीता महोत्सव से जोड़ेगा। आईसीसीआर के माध्यम से इंडोनेशिया, स्लोवाकिया तथा पांच अन्य देशों के विद्यार्थियों के समूह गीता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि भारतीय वायु सेना तथा इसरो द्वारा भी पुरुषोत्तमपुरा बाग में प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। केंद्रीय विद्यालयों एवं जवाहर नवोदय विद्यालयों के 1800 विद्यालयों के 15 लाख से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता से गीता पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त महात्मा बुद्ध पर एक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी।
सीएम ने बताया कि 19 दिसंबर को ज्योतिसर में आयोजित होने वाले सेमिनार में 12 अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। हरियाणा के सभी 143 खंडों में स्थित प्रमुख मंदिरों में एक दिवसीय गीता महोत्सव आयोजित किया जाएगा। 2 दिसंबर से 19 दिसंबर तक ज्योतिसर से गीता ज्योति यात्रा निकाली जाएगी, जो सभी 182 तीर्थों को कवर करेगी। ज्योतिसर तीर्थ पर प्रतिदिन आरती, लाइट एंड साउंड शो तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
16 दिसंबर को ज्योतिसर में होगा ‘पाञ्चजन्य-2026 अफ्रीका-हरियाणा कॉन्क्लेव’
सीएम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव हमारी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के उत्सव के साथ-साथ दुनिया के साथ संवाद और संबंध मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। इसी उद्देश्य से 16 दिसंबर को ज्योतिसर में ‘पाञ्चजन्य-2026 अफ्रीका-हरियाणा कॉन्क्लेव’ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कॉन्क्लेव में अफ्रीका महाद्वीप के प्रतिनिधियों, प्रदेश में काम कर रहे अनेक उद्योगपतियों, विश्व में काम कर रहे भारतीय उद्योगपतियों तथा इंडस्ट्री एसोसिएशनों सहित सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ अफ्रीका के देशों और हरियाणा के बीच व्यापार एवं सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत होगी।
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में पश्चिम बंगाल निभाएगा सक्रिय भागीदारी, हरियाणा सरकार के साथ मिलकर करेगा आयोजन: मंत्री उमेश राय
पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री उमेश राय ने कहा कि आज उनका सौभाग्य है कि उन्हें पश्चिम बंगाल की पावन माटी से धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की इस पवित्र भूमि पर आने का अवसर मिला है, जहां से पूरे विश्व को धर्म, कर्तव्य और जीवन जीने का मूलमंत्र मिला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती सदैव से उपासना और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र रही है। श्री उमेश राय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में आयोजित हो रहे सामूहिक गीता पाठ का सामाजिक और सांस्कृतिक प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। वर्ष 2024 में कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पहली बार लाखों लोगों की सहभागिता से सामूहिक गीता पाठ का भव्य आयोजन किया गया। गत वर्ष इस आयोजन में सात लाख से अधिक लोगों ने एक साथ गीता पाठ कर सनातन संस्कृति के प्रति अपनी आस्था और प्रतिबद्धता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की इस पावन धरा पर आकर उन्हें अत्यंत गौरव और आध्यात्मिक अनुभूति हो रही है।
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव बना वैश्विक आध्यात्मिक चेतना का सशक्त माध्यम – स्वामी ज्ञानानंद महाराज
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव अब केवल कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाला एक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह विश्वभर में गीता के संदेश, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को पहुंचाने का एक सशक्त वैश्विक माध्यम बन चुका है। जिस प्रकार कुंभ में शारीरिक रूप से सीमित संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन उससे करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी होती है, उसी प्रकार अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के साथ भी देश-विदेश के करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ रही हैं। आज विश्व के अनेक देशों में कुरुक्षेत्र, श्रीमद्भगवद्गीता और गीता महोत्सव की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल 21 दिनों के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव पूरे वर्ष और विश्वभर में महसूस किया जा रहा है।

