Rohtak News : रोहतक पुलिस ने कोहरे और धुंध के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों और आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि रात्रि के समय मुख्य सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और आउटर बाईपास के किनारे वाहन खड़ा करना भारी पड़ सकता है। ऐसा करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
एसपी गौरव राजपुरोहित ने बताया कि सर्दी के मौसम में विशेषकर सुबह और देर रात घना कोहरा छाने से दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में सड़क पर या उसके किनारे खड़े वाहन दूसरे वाहन चालकों को समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे गंभीर सड़क हादसे हो सकते हैं। इसको देखते हुए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई वाहन चालक रात्रि के समय सड़क या उसके किनारे वाहन खड़ा करता पाया गया तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने आमजन से अपील की है कि धुंध के मौसम में यातायात नियमों की पूर्ण पालना करें। आपकी सतर्कता व सावधानी न केवल आपकी बल्कि दूसरों की जान भी बचा सकती है। रोहतक पुलिस सड़क सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वाहन चलाते समय क्या करें
- फोग लाइट/लो-बीम हेडलाइट का प्रयोग करें। धुंध में केवल लो-बीम हेडलाइट या फोग लाइट का ही प्रयोग करें, जिससे सामने से आने वाले वाहन चालक को चकाचौंध न हो।
- वाहन की गति नियंत्रित रखें। सीमित दृश्यता के कारण तेज गति जानलेवा हो सकती है। अतः अपना वाहन धीमी व नियंत्रित गति से चलाएं।
- सुरक्षित दूरी बनाए रखें। आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी रखें ताकि अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में टक्कर से बचा जा सके।
- इंडिकेटर व हैजर्ड लाइट का सही प्रयोग करें। मुड़ते समय या रुकते समय इंडिकेटर का प्रयोग अवश्य करें। अत्यधिक धुंध में आवश्यकता पड़ने पर हैजर्ड लाइट का प्रयोग करें।
- रिफ्लेक्टर टेप व संकेतक अनिवार्य रूप से लगाएं। ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, ट्रॉली, रेहड़ी व अन्य धीमी गति वाले वाहनों के आगे-पीछे रिफ्लेक्टर टेप व संकेतक अवश्य लगे हों।
- वाहन के शीशे व वाइपर साफ रखें। धुंध में साफ शीशे व सही ढंग से कार्यरत वाइपर दृश्यता बढ़ाने में सहायक होते हैं।
- हॉर्न का सीमित व आवश्यकतानुसार प्रयोग करें। घने कोहरे में चौराहों व मोड़ों पर हल्का हॉर्न संकेत के रूप में उपयोगी हो सकता है।
वाहन चलाते समय क्या न करें
- तेज बीम लाइट का प्रयोग न करें। हाई-बीम लाइट धुंध में प्रकाश को परावर्तित कर दृश्यता और कम कर देती है।
- अनावश्यक ओवरटेक न करें। धुंध में सामने से आने वाले वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते है जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है।
- अचानक ब्रेक न लगाएं। अचानक ब्रेक से पीछे चल रहे वाहन टकरा सकते हैं।
- नशे या थकान की अवस्था में वाहन न चलाएं। धुंध में पहले से ही जोखिम अधिक होता है ऐसे में लापरवाही जानलेवा हो सकती है।
- सड़क पर या सड़क किनारें वाहन खड़ा न करें यदि वाहन रोकना अत्यंत आवश्यक हो तो निर्धारित किए गए स्थानों पर ही अपना वाहन खड़ा करें।
आम जनता व वाहन चालकों के लिए विशेष अपील
- यदि अत्यावश्यक कार्य न हो तो सुबह अत्यधिक धुंध के समय यात्रा करने से बचें।
- पैदल चलने वाले व्यक्ति सड़क किनारे चलें तथा चमकीले/रिफ्लेक्टिव कपड़े पहनें।
- दोपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनें और गति सीमित रखें
- ट्रैक्टर-ट्रॉली व मालवाहक वाहन चालक ओवरलोडिंग से बचें।

