कविता.रोहतक: रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। ऐसे में खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले बेसहारा, बेघर और जरूरतमंद लोगों के सामने परेशानी खड़ी होने लगी है।
हर साल सर्दियों में ऐसे लोगों को ठंड से बचाने के लिए नगर निगम की ओर से शहर में रैन बसेरों की व्यवस्था की जाती है, लेकिन इस बार अभी तक रोहतक में रैन बसेरे शुरू होते नजर नहीं आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि दूसरे जिलों में रैन बसेरे शुरू किए जा चुके हैं, लेकिन रोहतक में न तो इनके शुरू होने की जानकारी सामने आई है और न ही नगर निगम की तैयारियां सार्वजनिक रूप से दिखाई दे रही हैं। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि आखिर जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए निगम कब जागेगा।
पिछले साल पांच जगह थी रात गुजारने की व्यवस्था
पिछले साल नगर निगम की ओर से शहर में पांच रैन बसेरे बनाए गए थे। इनमें नए बस स्टैंड पर दो रैन बसेरे थे। एक पुरुषों और दूसरा महिलाओं के लिए निर्धारित किया गया था। इसी तरह गांधी कैंप में भी पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग रैन बसेरों की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा पुराने बस स्टैंड के पास एक पोर्टेबल रैन बसेरा बनाया गया था, जिसमें महिला और पुरुष दोनों ठहर सकते थे। इन पांच रैन बसेरों के माध्यम से शहर में आने वाले यात्रियों, मजदूरों, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को सर्द रातों में सुरक्षित जगह उपलब्ध कराई गई थी। इस बार भी इन्हीं स्थानों पर व्यवस्था किए जाने की जरूरत है।
फुटपाथ और खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर लोग
शहर में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पतालों और प्रमुख बाजारों के आसपास बड़ी संख्या में ऐसे लोग मिल जाते हैं, जिनके पास रात गुजारने के लिए कोई स्थायी ठिकाना नहीं होता। इनमें बाहर से इलाज करवाने आने वाले मरीजों के परिजन, दिहाड़ी मजदूर, बेसहारा और दूसरे शहरों से आने वाले यात्री शामिल होते हैं। रैन बसेरों की व्यवस्था नहीं होने पर इन्हें फुटपाथ, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रात बितानी पड़ती है। सर्दी बढ़ने के साथ खुले में सोना इनके लिए जानलेवा भी साबित हो सकता है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों पर ठंड का ज्यादा असर पड़ता है।
रैन बसेरों में मिलती है छत, ठंड से भी बचाव
रैन बसेरे केवल रात गुजारने की जगह नहीं होते, बल्कि जरूरतमंद लोगों को सर्दी से बचाने का महत्वपूर्ण सहारा बनते हैं। यहां लोगों को छत के साथ बिस्तर, कंबल और ठंड से बचने की सुविधा मिलती है। महिलाओं के लिए अलग रैन बसेरों की व्यवस्था होने से उनकी सुरक्षा और निजता भी सुनिश्चित होती है। अस्पतालों में मरीजों के साथ आने वाले परिजनों और बाहर से काम की तलाश में पहुंचने वाले मजदूरों को भी इनका सीधा फायदा मिलता है। इससे लोगों को खुले में सोने की मजबूरी से राहत मिलती है और ठंड के कारण होने वाली बीमारियों का खतरा भी कम किया जा सकता है।
नगर निगम की तैयारी पर सवाल
सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ ही नगर निगम को रैन बसेरों की व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए थी। इनके लिए स्थान तय करने, सफाई करवाने, बिस्तर और कंबल उपलब्ध कराने के साथ-साथ कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित करनी जरूरी है। दूसरे जिलों में रैन बसेरे शुरू होने के बाद रोहतक में भी इनकी शुरुआत की उम्मीद की जा रही है। फिलहाल शहर में रैन बसेरे शुरू नहीं होने से जरूरतमंद लोगों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। अब देखना होगा कि नगर निगम कब तक इनकी व्यवस्था शुरू करता है और पिछले साल की तरह पांचों स्थानों पर लोगों को ठहरने की सुविधा मिल पाती है या नहीं।

