Thursday, October 1, 2026
Homeस्वास्थ्यअंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस : सरकारी अस्पतालों में बुजुर्गों के लिए अलग कतार,...

अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस : सरकारी अस्पतालों में बुजुर्गों के लिए अलग कतार, मुफ्त दवा और विशेष जांच की सुविधा

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं, जिनमें पंजीकरण, ओपीडी, लैब और दवा वितरण काउंटरों पर बुजुर्गों के लिए अलग कतार की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, अस्पतालों में अस्पताल परिचारक की सहायता से समर्पित जेरियाट्रिक क्लिनिक संचालित किए जा रहे हैं तथा हर महीने के तीसरे शुक्रवार को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष जांच शिविर लगाकर नि:शुल्क दवाएं वितरित की जा रही हैं।

अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, सम्मानजनक जीवन और बेहतर देखभाल के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार “गरिमा के साथ उम्र बढ़ना: वृद्धजनों के लिए देखभाल और सहायता प्रणालियों को मजबूत करना” के संकल्प के साथ काम कर रही है।

आरती सिंह राव ने बताया कि सभी सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में बुजुर्गों का व्यापक जेरियाट्रिक मूल्यांकन करने के साथ-साथ जिला नागरिक अस्पतालों में फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि घर बैठे ई-संजीवनी और टेलीमेडिसिन जैसे डिजिटल माध्यमों से विशेषज्ञ डॉक्टरों का परामर्श भी प्रदान किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि एक स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए पौष्टिक व संतुलित आहार लें, अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और नियमित रूप से हल्की-फुल्की शारीरिक गतिविधियों में शामिल हों। उन्होंने बुजुर्गों को तंबाकू, धूम्रपान और शराब जैसे व्यसनों से दूर रहने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा डॉक्टरों की सलाह के अनुसार नियमित दवाएं लेने का सुझाव दिया।

इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने समाज और परिवारों से भी बुजुर्गों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को नई गतिविधियां सिखाकर उन्हें व्यस्त रखें, उनसे सलाह लें, उनके साथ समय बिताएं और परिवार की परंपराओं व इतिहास पर चर्चा करें। समाज में बुजुर्गों की भागीदारी, सम्मान और सराहना को बढ़ावा देकर ही उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी के लिए नागरिक अपने निकटतम सरकारी अस्पताल से संपर्क कर सकते हैं।

RELATED NEWS

Most Popular