हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 1 नवंबर 1966 को हरियाणा पंजाब से अलग होकर एक नए राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। उस समय अनेक लोगों के मन में यह चिंता थी कि सीमित संसाधनों के साथ हरियाणा किस प्रकार अपनी पहचान बना पाएगा, लेकिन आज 60 वर्षों के सफर में हरियाणा ने देश और दुनिया में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है। हरियाणा ने अपनी हीरक जयंती के अवसर पर विकास, समृद्धि और जनकल्याण के नए संकल्प लिए हैं। हाल ही में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने भी हीरक जयंती समारोह में भाग लेकर प्रदेश की गौरवशाली यात्रा को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंजाब, होशियारपुर के दसूहा में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले हर दसवें जवान का संबंध हरियाणा से है। खेलों के क्षेत्र में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक और एशियन गेम्स सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है। देश को पदक दिलाने में हरियाणा के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उद्योग और निवेश के क्षेत्र में भी हरियाणा एक प्रमुख गंतव्य बनकर उभरा है। दुनिया की कोई भी कंपनी भारत में निवेश करना चाहती है तो उसकी प्राथमिकताओं में हरियाणा शामिल रहता है।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय इन पार्टियों द्वारा जनता से बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने के बजाय प्रचार और विज्ञापन पर अधिक ध्यान दिया जाता है। आज नशे की समस्या विकराल हो चुकी है। युवाओं को रोजगार देने के वादे भी पूरे नहीं हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों के कार्यकाल में पंजाब के लोगों को जिन समस्याओं से जूझना पड़ा है, उनका जवाब इन पार्टियों को जनता को देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने जनता से किए गए 217 संकल्पों में से 74 संकल्प पूरे कर दिए हैं और शेष 143 संकल्पों पर तेजी से काम किया जा रहा है। महिलाओं के सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादे किए, लेकिन पंजाब में महिलाओं को आज भी अपने हक की राशि के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं में नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज युवाओं में प्रतिभा और ऊर्जा की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही दिशा देने की है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि युवा नशे के जाल में फंसते जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने छह महीने में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन पंजाब में नशे की समस्या समाप्त होने के बजाय लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब के अनेक लोग उनसे मिलकर शिकायत करते हैं कि नशे के कारोबार के खिलाफ शिकायत करने पर शिकायतकर्ताओं को ही परेशान किया जाता है और उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जाते हैं।
देश के युवाओं को नशे से बचाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। हरियाणा में युवाओं को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे हर महीने एक लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी वाली मैराथन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और नशे से दूर रहने का संदेश देते हैं।
मुख्यमंत्री ने पंजाब में आई बाढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि संकट की उस घड़ी में केंद्र सरकार ने पंजाब के लिए 1,600 करोड़ रुपये और हिमाचल प्रदेश के लिए 1,500 करोड़ रुपये की सहायता दी थी। इसके बावजूद पंजाब सरकार की ओर से सहायता राशि को लेकर सवाल उठाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार को जनता को बताना चाहिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता और पुनर्वास के लिए इन संसाधनों का कितना उपयोग किया गया और विज्ञापन एवं होर्डिंग पर कितना खर्च किया गया।
पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए भाजपा सरकार जरूरी: रणबीर गंगवा
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पंजाब में आज नशे और चिट्टे का कारोबार चिंता का विषय बना हुआ है। पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी को इस उम्मीद के साथ वोट दिया था कि प्रदेश से नशे का खात्मा होगा, लेकिन आज स्थिति सबके सामने है। उन्होंने कहा कि जो भगवंत मान खुद अपने ऊपर नशे पर अंकुश लगाने में विफल रहे है, वह पंजाब को नशामुक्त कैसे बनाएंगे । कभी पंजाब देश का अग्रणी राज्य हुआ करता था, लेकिन नशे की समस्या ने प्रदेश की प्रगति को प्रभावित किया है और युवाओं के भविष्य पर गंभीर संकट खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना, सतबीर वर्मा, रविंद्र रवि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

