Haryana News: राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गृह विभाग ने एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) के गठन को मंजूरी देते हुए अधिसूचना जारी कर दी है। इसका उद्देश्य आतंकवाद विरोधी क्षमता को बढ़ाना और किसी भी सुरक्षा चुनौती का त्वरित व प्रभावी जवाब देना है।
सीआईडी के अधीन काम करेगी एटीएस
नई एटीएस को सीआईडी के अधीन रखा जाएगा। इसकी कमान आईजीपी या उससे ऊपर के रैंक वाले अधिकारी को सौंपी जाएगी। एटीएस प्रमुख सीधे सीआईडी चीफ के माध्यम से डीजीपी को रिपोर्ट करेंगे। पुलिस मुख्यालय पंचकूला में इस एजेंसी का संचालन होगा।
Haryana News: पुलिस मुठभेड़ में वांटेड हिस्ट्रीशीटर सोनू गिरफ्तार
गुरुग्राम और पंचकूला में विशेष थाने
तेजी से जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए दो विशेष एटीएस थाने बनाए जाएंगे।
पंचकूला एटीएस थाना: इसके अधिकार क्षेत्र में उत्तर और मध्य हरियाणा के जिले आएंगे, जैसे अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, हिसार, रोहतक आदि।
गुरुग्राम एटीएस थाना: यह एनसीआर और दक्षिणी हरियाणा के मामलों को देखेगा, जिनमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ शामिल होंगे।
सरकार का संदेश
गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने कहा कि एटीएस और इन विशेष थानों के अस्तित्व में आने से भविष्य की किसी भी आतंकी साजिश का त्वरित और सख्त जवाब दिया जा सकेगा।

