Rohtak News : सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा ने रोहतक जिले के सभी नागरिक अस्पतालों, उप-नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों की देखभाल से संबंधित पर्ची बनवाने तथा विभिन्न प्रकार की जांचों के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान UPI ID & QR कोड के माध्यम से करने की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों एवं उनके परिजनों को भुगतान की प्रक्रिया में सुविधा प्रदान करना तथा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना है। UPI ID और QR कोड के माध्यम से भुगतान करने पर मरीजों को नकद राशि साथ रखने की आवश्यकता कम होगी और भुगतान प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनेगी।
सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा ने सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों के प्रधान चिकित्सा अधिकारी एवं वरिष्ट अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करें, ताकि जिले के नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

