हिसार : चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय स्थित सायना नेहवाल कृषि प्रौद्योगिकी, प्रशिक्षण एवं शिक्षा संस्थान में जुलाई से सितंबर 2026 तक विभिन्न विषयों पर तीन से 5 दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संस्थान के सह-निदेशक डॉ. अशोक कुमार गोदारा ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में मधुमक्खी पालन, संरक्षित खेती/पॉलीहाउस में सब्जी उत्पादन, बेकरी, कटाई एवं सिलाई, नर्सरी रेजिंग, केंचुआ खाद उत्पादन, सोयाबीन: सोया दूध तैयार करना शामिल है। इसके अतिरिक्त डेयरी फार्मिंग तथा मशरूम उत्पादन तकनीक पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रदेश के किसी भी वर्ग एवं आयु के इच्छुक महिला एवं पुरुष भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के साथ-साथ राज्य एवं केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई को दोपहर 2 बजे तक संस्थान में आवेदन पत्र जमा करा सकते हैं। जुलाई माह में आयोजित होने वाले प्रशिक्षणों का समय प्रात: 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक रहेगा, जबकि अगस्त और सितंबर के प्रशिक्षण प्रात: 9:00 बजे से सायं 4:30 बजे तक आयोजित होंगे। प्रशिक्षण की तिथियों की सूचना बाद में दूरभाष के माध्यम से दी जाएगी।
यह संस्थान विश्वविद्यालय के गेट नंबर-3, लुदास रोड, हिसार पर स्थित है। प्रशिक्षण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा। आवेदन पत्र के साथ एक पासपोर्ट आकार का फोटो तथा आधार कार्ड की फोटो प्रति संलग्न करना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की सामग्री या आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। बेरोजगार युवाओं एवं किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी। अध्ययनरत कृषि विद्यार्थियों को यह प्रशिक्षण नहीं दिया जाएगा।

