कुरुक्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवक की मौत हत्या नहीं, बल्कि गाड़ी चढ़ने से मौत हुई है।
पुलिस के मुताबिक, कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद एसएचओ सिटी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक को उसके कुछ दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र के निर्देश पर अपराध अन्वेषण शाखा और एसएचओ की टीम ने जांच शुरू की और संबंधित युवकों को पूछताछ के लिए राउंडअप किया।
पूछताछ में सामने आया कि सभी युवक शराब के नशे में थे और कढ़ी-चावल खाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। वहां दस रुपये का कूपन लेकर जब युवक खाना लेने गया तो प्लेट उठाते समय वह नीचे गिर पड़ा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे उठाकर एक तरफ साइड में जगह पर लिटा दिया। जिसके कुछ देर बाद वहां से गुजर रही एक गाड़ी ने युवक के ऊपर से चली गई और चालक मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज परिजनों को भी दिखाई है।
पुलिस के अनुसार, परिवार ने जांच और घटनाक्रम को लेकर संतुष्टि जताई है। पुलिस का कहना है कि यदि वाहन चालक टक्कर मारने के बाद गाड़ी रोककर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाता तो संभव है कि उसकी जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस वाहन चालक की लापरवाही को लेकर कार्रवाई करेगी। युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

