Friday, November 20, 2026
Homeदेशकपाल मोचन मेले का भव्य आगाज : 187 करोड़ की परियोजनाओं का...

कपाल मोचन मेले का भव्य आगाज : 187 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

हरियाणा की धरती पर आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक एकता की सदियों पुरानी परंपरा का प्रतीक श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेला शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुआ। मेले के उद्घाटन अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कपाल मोचन ऐसा पावन स्थल है, जहां विभिन्न धर्मों और संप्रदायों की आस्था एक साथ दिखाई देती है।

इस अवसर पर केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरु घर में माथा टेका और हवन यज्ञ के साथ श्री कपाल मोचन श्री आदिबद्री मेले का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने कपाल मोचन, ऋण मोचन और सूरजकुंड सरोवरों का अवलोकन भी किया।

सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास को भी समान प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में आज मुख्य अतिथि द्वारा प्रदेशवासियों को विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात देते हुए 187 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। इनमें 16 नई अमृत फार्मेसी शामिल हैं, जहां आमजन को जीवनरक्षक दवाइयां रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा 11 जलघरों में नए टैंकों का निर्माण तथा जगाधरी शहर की पुरानी सीवर लाइन के पुनर्वास कार्य का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि आस्था और विकास, दोनों साथ-साथ चलें, यही सरकार का संकल्प है।

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सद्भावना, एकता और भाईचारे का ऐसा संगम है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत की वास्तविक पहचान कराता है। यही भारत की आत्मा और हमारी साझा संस्कृति की ताकत है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को बिलासपुर में श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेले के उद्घाटन अवसर पर कर रहे थे।

सीएम ने देव उठनी एकादशी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भगवान श्री विष्णु योग-निद्रा से जागते हैं और मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है। ऐसे पावन दिन और पवित्र तीर्थ पर श्रद्धालुओं के बीच आना उनके लिए परम सौभाग्य है।

युगों पुरानी धार्मिक विरासत का केंद्र है कपाल मोचन

सीएम ने कपाल मोचन तीर्थ के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि स्कंद महापुराण के अनुसार यह तीर्थ पावन सरस्वती और यमुना के मध्य स्थित द्वैतवन में है। प्राचीन काल में इसे ‘औशनस तीर्थ’ कहा जाता था। महाभारत और वामन महापुराण में भी इसका उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि भगवान ब्रह्मा जी ने इसी द्वैतवन में यज्ञ किया था, जिसमें देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों ने भाग लिया था।

गुरु गोबिंद सिंह जी के 52 दिन के प्रवास का साक्षी है यह तीर्थ

मुख्यमंत्री ने कहा कि कपाल मोचन की धरती दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के चरणों से भी पावन हुई है। भंगाणी के युद्ध से पूर्व गुरु साहिब ने यहां 52 दिन प्रवास किया था। उन्होंने कपाल मोचन और ऋण मोचन सरोवरों में स्नान किया तथा अपने अस्त्र-शस्त्र धोए। दोनों सरोवरों के बीच स्थित प्राचीन अष्टकोणीय गुरुद्वारा आज भी इस ऐतिहासिक विरासत का साक्षी है। गुरु साहिब ने यहां के महंत को हस्तलिखित पट्टा और ताम्रपत्र भी प्रदान किया था। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के वरदान और परंपरा के अनुरूप आज भी कार्तिक पूर्णिमा पर यहां श्री गुरु नानक देव जी का गुरु पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। लाखों श्रद्धालु इस अवसर पर पहुंचते हैं और कपाल मोचन, ऋण मोचन तथा सूरज कुंड में क्रमवार स्नान करते हैं। देव उठनी एकादशी से ही इस पांच दिवसीय पुण्य पर्व की शुरुआत होती है।

चार प्रमुख तीर्थों के विकास के लिए श्राइन बोर्ड का गठन

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों को सहेजना सरकार का दायित्व है। इसी उद्देश्य से श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मंत्रा देवी और श्री केदारनाथ के व्यवस्थित विकास के लिए समर्पित श्राइन बोर्ड का गठन किया गया है। तीर्थ का कायाकल्प दो चरणों में किया जा रहा है। इस वर्ष मेले और तीर्थ के रखरखाव पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि गुरुओं के शौर्य और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराने के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत से ‘गुरु गोबिंद सिंह युद्ध कला संग्रहालय’ बनाया गया है। वहीं, लोहगढ़ में बाबा बंदा सिंह बहादुर जी की ऐतिहासिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए भगवानपुर में 112 करोड़ रुपये की लागत से उनके स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। मां सरस्वती के उद्गम स्थल आदि बद्री को भी प्रमुख तीर्थ एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा,  रेणू बाला, मेयर सुमन बहमनी, पूर्व मंत्री कंवर पाल, एससी—एसटी आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष धूमन सिंह किरमचसहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

RELATED NEWS

Most Popular