Wednesday, May 1, 2024
HomeGT एक्सक्लूसिववैवाहिक जीवन में खुशहाली के लिए होली पर करें ये अचूक उपाय

वैवाहिक जीवन में खुशहाली के लिए होली पर करें ये अचूक उपाय

रोहतक। होली हिंदुओं के सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है। फाल्गुन पूर्णिमा के दिन होलिका दहन किया जाता है और इसके अगले दिन होली मनाई जाती है। इस साल होली 25 मार्च को मनाई जाएगी। होली का पर्व राधा-कृष्ण के प्रेम का प्रतीक है। इस पर्व पर एक दूसरे की गलतियों को माफकर गले लगाया जाता है और रंगों से होली खेली जाती है। इसलिए होली पर दुश्मनों को भी रंग लगाकर दोस्त मनाया जाता है। यही रंग प्रेम में भी देखने को मिलते हैं।

जब दो लोग एक दूसरे से वैवाहिक बंधन में बंधते हैं और जिंदगी भर साथ रहने का वादा करते हैं, तब जीवन में अलग रंग दिखाई देते हैं लेकिन कई बार परिस्थितियों के कारण रिश्ते में दरार आ जाती है। ऐसे में होली का पर्व लव लाइफ को मजबूत बनाने के लिए बहुत उत्तम दिन रहेगा। ज्योतिष शास्त्र में लव लाइफ में आ रही दूरियों को खत्म करने के लिए होली के दिन करने के लिए कुछ उपाय बताए गए हैं। इन उपायों के करने से ना सिर्फ लव लाइफ मजबूत होगी बल्कि जीवन में सुख-शांति और आर्थिक स्थिति में भी वृद्धि होगी।

अगर आपकी अभी शादी हुई है और ससुराल में यह आपकी पहली होली होने वाली है, तो इसके लिए आप होली के दिन कुछ खास उपाय कर सकते हैं, जिससे आपके वैवाहिक जीवन में प्यार बना रहेगा और वैवाहिक रिश्ता मजबूत होता है। आइए इन उपायों के बारे में जानते हैं।

भगवान कृष्ण और राधा रानी का आशीर्वाद

होली के दिन राधा-कृष्ण के मंदिर में जाकर विधिवत पूजा-अर्चना करें और चरणों में थोड़ा गुलाल भी अर्पित करें। इसके बाद ‘ॐ राधा वल्लभाय नमः’ मंत्र का 3 माला जप करें। पूजा और जप करने के बाद चरणों के गुलाल को थोड़ा सा ले लें और इस गुलाल को हर रोज माथे पर लगाएं। ऐसा करने से भगवान कृष्ण और राधा रानी का आशीर्वाद बना रहेगा और लव लाइफ भी मजबूत रहेगी।

दांपत्य जीवन में प्रेम बढ़ाने के लिए

होली के दिन नव दंपत्ति लव लाइफ को मजबूत बनाने के लिए भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करें। शिवलिंग का अभिषेक शहद से करें और माता पार्वती को सुहाग का सामान अर्पित करें। इसके बाद दोनों को लाल और हरे रंग का गुलाल लगाएं। फिर पांच देसी घी के दीपक जलाते हुए शिव चालीसा का पाठ करें। भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करने के बाद उनके चरणों में गुलाल अर्पित करें। इसके बाद अर्पित किए गुलाल को अपने जीवनसाथी को लगाएं। ऐसा करने से प्रेम में आ रहीं सभी बाधाएं दूर होती हैं।

गाय को खिलाये हरा चारा

होली के दिन गाय को हरा चारा के साथ गुड़ रोटी खिलाएं और पैरों पर गुलाल डालकर सात परिक्रमा करें। परिक्रमा करते समय अपने मन की इच्छा को बताएं। गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है, उनके आशीर्वाद से आपकी लव लाइफ मजबूत होगी और धन संबंधित समस्याओं का अंत होगा। ऐसा करने से दांपत्य जीवन में प्यार बढ़ता है।

इष्ट देव को गुलाल अर्पित करें

होली के दिन पति-पत्नी मिलकर अशोक के दो पत्ते लेकर उस पर पीले रंग गुलाल से स्वास्तिक बनाएं और उसके बाद एक-दूसरे का नाम लिखकर इष्ट देवता के चरणों में अर्पित कर दें। मान्यता है कि ऐसा करने से आपसी रिश्तों में मिठास बनी रहती है।

मजबूत होगा रिश्ता

होलिका दहन के टाइम सूखा नारियल लें और उसमें शक्कर डालकर कलावा बांध दें। इसके बाद नारियल पर सिंदूर, गुलाल और अक्षत लगाएं. फिर इस नारियल को एक लाल कपड़े में बांधें और फिर होलिका दहन के समय आग में डाल दें। ऐसा करने से वैवाहिक रिश्ता मजबूत होता है और साथ ही जीवन में आर्थिक समृद्धि भी आती है।

दूर होंगी परेशानियां

होलिका दहन के दिन पति-पत्नी को ललाट यानी माथे पर हल्दी का तिलक लगाना चाहिए। इसके बाद दोनों साथ मिलकर होलिका की सात बार परिक्रमा करें। कहा जाता है कि ऐसा करने से आपके दांपत्य जीवन में आने वाली परेशानियां दूर हो सकती हैं।

- Advertisment -
RELATED NEWS

Most Popular