- इंद्र नगर में शिफ्टिंग का फैसला पड़ा भारी, सुविधाओं के अभाव और विरोध के बाद बदला निर्णय
कविता.रोहतक: पूर्व सैनिकों की सुविधा के लिए एक जून को रुपया चौक स्थित इंद्र नगर में शिफ्ट की गई एक्स सर्विसमैन कैंटीन (सीएचडी) अब महज दो महीने के भीतर ही वापस देव कॉलोनी लौट रही है। नए स्थान पर पहुंचने के बाद लगातार मिल रही शिकायतों और पूर्व सैनिकों के विरोध को देखते हुए कैंटीन प्रबंधन ने यह फैसला लिया है। कैंटीन का सामान वापस देव कॉलोनी शिफ्ट किया जा रहा है और जल्द ही वहीं से संचालन शुरू होगा।
पूर्व सैनिकों का कहना था कि इंद्र नगर स्थित कैंटीन शहर से काफी दूर है। यहां तक पहुंचने के लिए तंग गलियों से गुजरना पड़ता है, जिससे बुजुर्ग और दिव्यांग पूर्व सैनिकों को काफी दिक्कत होती है। इसके अलावा पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन खड़े करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इन समस्याओं को लेकर लगातार शिकायतें कैंटीन प्रबंधन तक पहुंच रही थीं।
इसी को ध्यान में रखते हुए कैंटीन को वापस देव कॉलोनी में संचालित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि सामान की शिफ्टिंग शुरू हो चुकी है और भविष्य में यदि सभी सुविधाओं वाली उपयुक्त जगह उपलब्ध होगी, तभी नए स्थान पर कैंटीन स्थानांतरित करने पर विचार किया जाएगा।
1 जून को हुआ था स्थानांतरण
एक्स सर्विसमैन कैंटीन को एक जून से देव कॉलोनी से इंद्र नगर स्थित नए भवन में स्थानांतरित किया गया था। उद्देश्य बेहतर स्थान और सुविधाएं उपलब्ध कराना था, लेकिन नया परिसर पूर्व सैनिकों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका।
बुजुर्ग पूर्व सैनिकों को हुई सबसे ज्यादा परेशानी
अधिकांश लाभार्थी बुजुर्ग पूर्व सैनिक हैं। शहर से दूर स्थित कैंटीन तक पहुंचने, संकरी गलियों से गुजरने और वाहन पार्क करने में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कई पूर्व सैनिकों ने इसे रोजमर्रा की बड़ी समस्या बताया।
पार्किंग और पहुंच सबसे बड़ी वजह बनी
इंद्र नगर स्थित परिसर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं थी। कैंटीन तक पहुंचने वाला रास्ता भी संकरा होने के कारण चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। यही कारण रहा कि पूर्व सैनिक लगातार पुराने स्थान पर कैंटीन वापस लाने की मांग कर रहे थे।
लाइसेंस भी बना अहम कारण
जानकारी के अनुसार शराब बिक्री का वैध लाइसेंस देव कॉलोनी स्थित परिसर के नाम पर ही था। ऐसे में संचालन से जुड़े प्रशासनिक पहलुओं को लेकर भी देव कॉलोनी का परिसर अधिक उपयुक्त माना गया।
शिफ्टिंग शुरू, जल्द पुराने परिसर से मिलेगा सामान
कैंटीन प्रबंधन ने देव कॉलोनी में सामान वापस पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शिफ्टिंग पूरी होते ही पूर्व सैनिकों को फिर से पुराने परिसर से ही कैंटीन की सभी सुविधाएं मिलने लगेंगी।
नई जगह तभी, जब सभी सुविधाएं मिलेंगी
भविष्य में यदि शहर के अनुकूल, पर्याप्त पार्किंग, आसान पहुंच और सभी आवश्यक सुविधाओं वाला परिसर उपलब्ध होता है, तभी कैंटीन को दोबारा स्थानांतरित करने पर विचार किया जाएगा। फिलहाल पूर्व सैनिकों की सुविधा को देखते हुए देव कॉलोनी से ही संचालन जारी रहेगा।

