Tuesday, July 14, 2026
Homeहरियाणारोहतकसफाई की जंग में रोहतक नगर निगम पड़ रहा अकेला, लोग जहां...

सफाई की जंग में रोहतक नगर निगम पड़ रहा अकेला, लोग जहां तहां फेंक रहे कूड़ा

कविता.रोहतक: शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए नगर निगम इन दिनों विशेष सफाई अभियान चला रहा है। मेयर स्वयं सड़कों पर उतरकर सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं और कई स्थानों पर वर्षों पुराने कूड़ा प्वाइंट भी खत्म किए जा चुके हैं।

निगम अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर शहर की तस्वीर बदलने में जुटे हैं, लेकिन लोगों की लापरवाही इस अभियान पर भारी पड़ती नजर आ रही है। शहर के कई इलाकों में आज भी खुले में कूड़ा फेंका जा रहा है, जिससे गंदगी के ढेर लग रहे हैं और निगम की मेहनत पर पानी फिर रहा है।

नगर निगम का कहना है कि सफाई व्यवस्था केवल सरकारी प्रयासों से नहीं सुधर सकती, इसके लिए आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। शहर के कई क्षेत्रों में नियमित सफाई के बावजूद कुछ लोग निर्धारित स्थानों की बजाय सड़कों और खाली जगहों पर कूड़ा डाल रहे हैं। इससे न केवल सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सेक्टर-1 और सेक्टर-2 पार्ट के बीच डिवाइडर पर कूड़ा

सेक्टर-1 और सेक्टर-2 पार्ट को जोड़ने वाली सड़क के किनारे डिवाइडर पर कूड़ा डाला जा रहा है। यहां नियमित सफाई होने के बावजूद लोग घरेलू और अन्य कचरा डाल रहे हैं। सड़क से गुजरने वाले लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ता है, जबकि यह क्षेत्र शहर के प्रमुख आवासीय इलाकों में शामिल है।

सेक्टर प्राइड के पास फिर दिखी गंदगी

सेक्टर-1 स्थित सेक्टर प्राइड के आसपास भी सफाई व्यवस्था चुनौती बनी हुई है। नगर निगम द्वारा कई बार सफाई कराए जाने के बावजूद यहां दोबारा कूड़ा जमा हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोग रात के समय या सुबह-सुबह कूड़ा फेंक जाते हैं, जिससे क्षेत्र की स्वच्छता प्रभावित होती है।

पानी की टंकी वाली गली में नहीं बदल रही तस्वीर

सेक्टर-1 में पानी की टंकी वाली गली भी उन स्थानों में शामिल है जहां सफाई अभियान का असर पूरी तरह दिखाई नहीं दे रहा। यहां खाली जगहों और सड़क किनारे कूड़ा डाले जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। सफाई कर्मी कूड़ा उठाते हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बन जाती है।

कई कूड़ा प्वाइंट खत्म, फिर भी आदत नहीं बदली

नगर निगम ने शहर के कई पुराने कूड़ा प्वाइंट समाप्त कर वहां सफाई व्यवस्था बेहतर बनाई है। इन स्थानों पर अब कूड़ा डालने पर रोक है, लेकिन कुछ लोग अब भी पुरानी आदत के चलते वहीं कचरा फेंक रहे हैं। इससे दोबारा गंदगी फैलने का खतरा बढ़ रहा है और स्वच्छ शहर का लक्ष्य प्रभावित हो रहा है।

जनभागीदारी के बिना अधूरा रहेगा मिशन

नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि केवल सफाई कर्मचारियों की मेहनत से शहर को पूरी तरह स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता। जब तक लोग घरों और दुकानों का कूड़ा निर्धारित स्थानों पर नहीं डालेंगे और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से बचेंगे, तब तक अभियान को अपेक्षित सफलता नहीं मिलेगी। स्वच्छ शहर की जिम्मेदारी निगम के साथ-साथ हर नागरिक की भी है।

RELATED NEWS

Most Popular