Rohtak News : साइबर ठगों ने बैंक अधिकारी बनकर एक व्यक्ति को क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी देने के बहाने अपने जाल में फंसा लिया और APK फाइल भेजकर उसके बैंक खाते से 95,095 रुपये निकाल लिए।
रोहतक पुलिस की साइबर थाना टीम ने ठगी के गिरोह में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक पुत्र रंजन निवासी बिहार और गौतम पुत्र कृष्ण निवासी झारखंड के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता मनीष ने बताया कि सेक्टर-35 निवासी युद्धबीर की शिकायत पर साइबर थाना रोहतक में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात युवक का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड का प्लान बंद करवाने और कार्ड का बैलेंस चेक करने के संबंध में बातचीत की।
इसके बाद आरोपी ने युद्धबीर को ‘इंडसवेब’ ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। जब ऐप गूगल पर उपलब्ध नहीं मिला तो आरोपी ने उसे APK फाइल भेज दी। युद्धबीर ने आरोपी के कहने पर फाइल खोलकर अपने क्रेडिट कार्ड की पूरी जानकारी उसमें भर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने उससे दूसरे बैंक के कार्ड की जानकारी भी मांगी और मोबाइल फोन से कार्ड की फोटो भी खिंचवा ली।
कुछ देर बाद युद्धबीर को साइबर ठगी होने का शक हुआ और उसने फोन काट दिया। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी काफी धीमा चलने लगा। जब उसने अपने बैंक खाते की जांच की तो पता चला कि खाते से कुल 95,095 रुपये निकाले जा चुके थे।
मामले की जांच पीएसआई ओमपाल द्वारा की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 26 नवंबर को दोनों आरोपियों विवेक और गौतम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया है।

