Rohtak News : उपायुक्त सतबीर सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और बरसाती जल निकासी से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों, सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट तथा सड़कों के किनारों का उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि रोहतक शहर का स्वरूप और अधिक सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
सतबीर सिंह आज लघु सचिवालय के सभागार में जिला के चिन्हित क्षेत्रों में जल निकासी तथा शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेंट्रल वर्ज की लेवलिंग, मरम्मत और पेंटिंग सहित अन्य आवश्यक कार्य दो सप्ताह के भीतर पूरे किए जाएं। सेंट्रल वर्ज की ग्रिल की मरम्मत तथा जहां ग्रिल गायब हैं, वहां नई ग्रिल लगाने का कार्य एक माह के भीतर पूरा किया जाए। इसी प्रकार सड़कों के बरम (किनारों) से संबंधित सभी कार्य 21 दिन के भीतर पूरे करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि शहर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों दिल्ली रोड, सोनीपत रोड, भिवानी रोड, जींद रोड, हिसार रोड और कलानौर मार्ग के प्रवेश बिंदुओं को आकर्षक एवं सुंदर बनाया जाए, ताकि शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण का अनुभव हो। उन्होंने दिल्ली रोड तथा सोनीपत रोड पर बोहर नहर से सोनीपत चैक, आईएमटी चैक और खरावड़ हनुमान मंदिर से बाईपास तक सेंट्रल वर्ज की मरम्मत, ग्रिल लगाने तथा सड़क किनारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
सतबीर सिंह ने सनसिटी से स्टेडियम तक जाने वाली सड़क की मरम्मत एवं अन्य आवश्यक कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उन्होंने शहर की प्रमुख सड़कों और आउटर रोड पर स्थित ग्रीन बेल्ट के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरित पट्टियों को व्यवस्थित रखने और उनके नियमित रखरखाव के लिए संबंधित विभाग ठोस कार्ययोजना तैयार करें। इसके साथ ही स्मार्ट रोड परियोजना के तहत प्रस्तावित कार्यों में तेजी लाने के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बरसाती जल निकासी की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन स्थानों पर जलभराव की समस्या सामने आती है, वहां स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभाग ठोस कार्य योजना तैयार कर उस पर तुरंत कार्रवाई करें। इस कार्य की निगरानी एवं समन्वय के लिए अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी एक सप्ताह के भीतर जल निकासी से संबंधित समग्र कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करेगी। उन्होंने संबंधित एसडीएम को भी अपने-अपने क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास एवं रखरखाव कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाने में प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। आमजन कूड़ा नालियों में न डालें तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।

