चंडीगढ़: हरियाणा के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग तथा हरियाणा अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (हरेडा) द्वारा वर्ष 2025-26 के दौरान ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (एसएलईसीए-2026) प्रदान किए जाएंगे।
इस संबंध में विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में ऊर्जा दक्षता और सतत ऊर्जा उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पुरस्कार विभिन्न निर्धारित श्रेणियों में दिए जाएंगे, जिनमें अधिकतम 2 लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि का प्रावधान है।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस पुरस्कार के लिए एमएसएमई सहित विभिन्न उद्योगों, वाणिज्यिक, सरकारी, संस्थानों तथा ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों आदि के भवनों, नवाचार, नई प्रौद्योगिकी और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) परियोजनाओं, सर्वश्रेष्ठ ऊर्जा ऑडिटिंग, ग्रीन बिल्डिंग और ईसीबीसी लागू करने वाली फर्मों या एजेंसियों तथा डिस्कॉम्स के सब-स्टेशनों की श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक आवेदकों को अपने आवेदन पत्र ऑनलाइन माध्यम से आधिकारिक पोर्टल https://app.haredasleca.in पर जमा करवाने होंगे। ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन आवेदन करने के साथ-साथ आवेदक को अपने आवेदन की एक प्रति संबंधित जिले के अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य परियोजना अधिकारी, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के कार्यालय में भी जमा करवानी होगी। इस योजना अथवा आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी अधिक जानकारी या सहायता के लिए अक्षय ऊर्जा भवन, संस्थागत प्लॉट नंबर-1, सेक्टर-17, पंचकूला स्थित हरेडा कार्यालय के दूरभाष नंबर 0172-2566533, 2587233 अथवा ईमेल [email protected] पर संपर्क किया जा सकता है।

