बहादुरगढ़ शहर की कुबेर कॉलोनी में गुरुवार रात शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। भाई की घुड़चढ़ी में रिश्तेदारों के साथ डांस कर रही दूल्हे की बहन की गोली लगने से मौत हो गई।
आरोप है कि दूल्हे का दोस्त फायरिंग कर रहा था। इसी दौरान चली गोली महिला के सिर में जा लगी। गंभीर हालत में परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से छारा गांव का रहने वाला परिवार बहादुरगढ़ की कुबेर कॉलोनी में रहता है। परिवार के बेटे अमनदीप की शादी के चलते गुरुवार रात करीब 10 बजे घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी। इस दौरान परिवार के सदस्य और रिश्तेदार नाच-गाकर खुशियां मना रहे थे। अमनदीप की बहन मनीषा (उम्र करीब 30 साल) भी डांस कर रही थी।
इसी दौरान आरोप है कि अमनदीप का दोस्त दीपक निवासी आसौदा हर्ष फायरिंग करने लगा। फायरिंग के दौरान चली गोली मनीषा के सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ी।
अचानक हुई इस घटना से समारोह में भगदड़ जैसे हालात बन गए। पति खुशीराम और अन्य परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मनीषा अपने पीछे नौ साल की बेटी और नौ महीने के बेटे को छोड़ गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
वहीं प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फायरिंग का आरोपी दीपक वारदात के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।

