Friday, November 27, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक चौहरे हत्याकांड में मुखबिरी का शक, युवती की तलाश में पुलिस

रोहतक चौहरे हत्याकांड में मुखबिरी का शक, युवती की तलाश में पुलिस

कविता.रोहतक: मिलन ढाबे पर हुए चौहरे हत्याकांड की जांच में अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जुड़े गैंग कनेक्शन सामने आने लगे हैं। पुलिस को शक है कि शामली की एक युवती ने गैंगवार से पहले भाऊ गैंग तक अहम सूचनाएं पहुंचाई हो सकती हैं। युवती करीब दो महीने से बाबा गैंग के सन्नी रिटौलिया के संपर्क में थी और रोहतक में पीजी लेकर रह रही थी।

वारदात के बाद से वह गायब है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। जांच में भाऊ गैंग और पश्चिमी यूपी के रवि राठी गैंग के बीच संपर्कों की जानकारी भी सामने आई है।

सन्नी के साथ ढाबे पर मौजूद थी युवती, फायरिंग के बाद गायब

पुलिस जांच के अनुसार, शामली की रहने वाली युवती रोहतक में रहकर सन्नी रिटौलिया के संपर्क में थी। वारदात के समय वह ढाबे पर दूसरी टेबल पर बैठी हुई थी। पुलिस को आशंका है कि युवती हमलावरों के लिए मुखबिरी कर रही थी। बताया जा रहा है कि खतरे का अंदेशा होने पर सन्नी मौके से निकल गया। फायरिंग के बाद युवती भी वहां से चली गई। अब उसका अचानक गायब होना जांच का अहम पहलू बन गया है।

भाऊ और रवि राठी गैंग के संपर्कों की पड़ताल!

जांच में भाऊ गैंग और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रवि राठी गैंग के बीच पिछले करीब दो साल से संपर्क होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पुराने मामलों और गैंग के सदस्यों की गतिविधियों को भी खंगाल रही है। पिछले साल सन्नी रिटौलिया पर गांव में शराब ठेके के पास हुई फायरिंग के मामले में बंगाल के एक युवक की भूमिका सामने आई थी। पुलिस ने सांपला के पास मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार किया था। वह रवि राठी गैंग से जुड़ा बताया गया था और भाऊ गैंग के लिए काम कर रहा था।

युवती की तलाश में छापेमारी, जांच में खुल सकते हैं राज

पुलिस के लिए गायब युवती की तलाश अहम हो गई है। उसके मोबाइल संपर्क, रोहतक में रहने के ठिकाने और गैंग से जुड़े लोगों के साथ संबंधों की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि युवती से पूछताछ के बाद वारदात से पहले की गतिविधियों, हमलावरों को मिली जानकारी और गैंग के नेटवर्क से जुड़े अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। रवि राठी के विदेश में जॉर्जिया होने की जानकारी भी सामने आई है।

रिटौली और डीघल में दहशत, सुरक्षा बढ़ाई

चौहरे हत्याकांड के बाद रिटौली और डीघल गांवों में तनाव और डर का माहौल है। गोलीबारी में डीघल के तीन युवकों की मौत हुई है, जबकि रिटौली में बाबा और भाऊ गैंग के बीच लंबे समय से दुश्मनी चली आ रही है। गैंगवार के बढ़ते घटनाक्रम को लेकर ग्रामीणों में चिंता है।

शादी समारोह में शामिल होने जेल से बाहर आया बाबा

बताया जा रहा है कि बाबा करीब तीन दिन पहले 10 दिन की अंतरिम जमानत पर शादी समारोह में शामिल होने के लिए जेल से बाहर आया था। चौहरे हत्याकांड के बाद गांव में सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। गैंगवार की पुरानी रंजिश और हालिया हत्याओं को देखते हुए पुलिस गांवों में गतिविधियों पर नजर रख रही है।

RELATED NEWS

Most Popular