महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक (MDU) ने सेशनल/आंतरिक मूल्यांकन में अंकों की कमी के कारण डिग्री पूरी नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। विश्वविद्यालय ने विशेष सेशनल/आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा आयोजित करने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थी तथा वे अभ्यर्थी, जिनकी निर्धारित अध्ययन अवधि पूरी हो चुकी है लेकिन सेशनल अंकों की कमी के कारण उनका परिणाम लंबित है, विशेष परीक्षा देकर संबंधित विषय में उत्तीर्ण हो सकेंगे। यह सुविधा केवल उन विषयों पर लागू होगी जिनमें आंतरिक मूल्यांकन का प्रावधान है और यह परीक्षा अंक सुधार के लिए नहीं होगी। विशेष परीक्षा में केवल उत्तीर्ण होने के लिए आवश्यक अंक ही अंतिम परिणाम में जोड़े जाएंगे।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. राहुल ऋषि ने बताया कि इस परीक्षा के लिए आवेदन वर्ष में दो बार, मई-जून तथा दिसंबर-जनवरी सत्र में स्वीकार किए जाएंगे। पात्रता की जांच के बाद संबंधित कॉलेज, संस्थान या विभाग परीक्षा आयोजित करेगा। यदि संबंधित संस्थान किसी कारणवश बंद है तो विश्वविद्यालय का संबंधित शिक्षण विभाग परीक्षा संचालित करेगा। परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद संशोधित परिणाम जारी किया जाएगा और उसी के आधार पर अंतिम डिग्री प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय ने इस विशेष सेशनल/आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा के लिए प्रति विषय 5000 रुपये शुल्क निर्धारित किया है।

