Wednesday, August 19, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में पेयजल संकट के बीच अवैध कनेक्शनों पर चलेगा विभाग का...

रोहतक में पेयजल संकट के बीच अवैध कनेक्शनों पर चलेगा विभाग का डंडा

  • एक टाइम पानी की सप्लाई से लोग परेशान
  • नहर में पानी की कमी बनी बड़ी वजह
  • अब अवैध कनेक्शन काटने की तैयारी

कविता.रोहतक: शहर इन दिनों भीषण पेयजल संकट से जूझ रहा है। रोहतक शहर की अधिकांश कॉलोनियों में लोगों को केवल एक समय ही पानी की सप्लाई मिल रही है। इससे सुबह से ही पानी भरने के लिए लोगों की भागदौड़ शुरू हो जाती है। कई इलाकों में पर्याप्त दबाव नहीं होने से लोगों तक पानी भी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे परेशानी लगातार बढ़ रही है।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नहर में पर्याप्त पानी नहीं आने के कारण जल उत्पादन प्रभावित हुआ है। उपलब्ध पानी को पूरे शहर में बराबर बांटने के लिए फिलहाल एक समय ही सप्लाई की जा रही है। दूसरी ओर विभाग की चिंता अवैध पेयजल कनेक्शन भी बने हुए हैं। अधिकारियों का मानना है कि कई जगह अवैध कनेक्शन और सीधे लाइन से मोटर चलाने के कारण सप्लाई का दबाव कम हो जाता है, जिससे अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पाता।

इसी को देखते हुए विभाग अब शहर में विशेष अभियान चलाने की तैयारी में है। जिन स्थानों पर अवैध कनेक्शन पाए जाएंगे, उन्हें मौके पर ही काटा जाएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। विभाग का कहना है कि इससे पानी की चोरी रुकेगी और अधिक से अधिक घरों तक पानी पहुंच सकेगा।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि पेयजल का दुरुपयोग न करें, अवैध कनेक्शन हटवा दें और पानी का जरूरत के अनुसार ही उपयोग करें, ताकि संकट के इस दौर में सभी नागरिकों को पर्याप्त पानी मिल सके।

नहर में पानी कम, इसलिए घटी सप्लाई

नहर में पानी की उपलब्धता कम होने से जलघर तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच रहा। इसी कारण पूरे शहर में जल वितरण प्रभावित है। विभाग का कहना है कि जब तक नहर में पर्याप्त पानी नहीं आएगा, तब तक सामान्य सप्लाई बहाल करना मुश्किल रहेगा।

अवैध कनेक्शनों की होगी जांच

विभाग की टीमें अलग-अलग कॉलोनियों में सर्वे करेंगी। जहां भी बिना अनुमति के कनेक्शन या पाइपलाइन से छेड़छाड़ मिलेगी, वहां तुरंत कनेक्शन काटा जाएगा। जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी होगी।

मोटर चलाने वालों पर भी रहेगी नजर

कई इलाकों में लोग सीधे सप्लाई लाइन पर मोटर लगाकर पानी खींच लेते हैं। इससे अन्य घरों में पानी का दबाव कम हो जाता है। विभाग ऐसे मामलों की भी जांच करेगा और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करेगा।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी

सेक्टर-1, सेक्टर-1 हाउसिंग बोर्ड, माता दरवाजा, हरि सिंह कॉलोनी, रामगोपाल कॉलोनी, चिन्योट कॉलोनी सहित शहर की कई कॉलोनियों में एक समय पानी मिलने से लोग परेशान हैं। कई जगहों पर कम प्रेशर के कारण ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंच रहा।

विभाग की अपील

जन स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि पानी की बर्बादी न करें, अवैध कनेक्शन न लें, लीकेज की सूचना तुरंत विभाग को दें और संकट के समय पानी का उपयोग सोच-समझकर करें, ताकि सभी लोगों तक समान रूप से पेयजल पहुंचाया जा सके।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular