Friday, May 17, 2024
HomeGT एक्सक्लूसिवरोहतक में कल आएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा की विजय संकल्प...

रोहतक में कल आएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा की विजय संकल्प रैली में करेंगे शिरकत

- Advertisment -
- Advertisment -

रोहतक। रोहतक में शुक्रवार को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आएंगे। वे कल भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे जो ओल्ड आईटीआई ग्राउंड में होगी। साथ में इस रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी व मस्तनाथ मठ के महंत बाबा बालकनाथ भी रैली में शिरकत करेंगे। इसके बाद कल ही भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर अरविंद शर्मा अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इसके अलावा अरविंद शर्मा आज गुरुवार को नए बस स्टैंड के नजदीक रेलवे फाटक के पास अपना नया चुनाव कार्यालय खोलेंगे।

भाजपा भी कमर कसकर मैदान में आ गई हैं। शुक्रवार को इसके लिए पुरानी आईटीआई के मैदान में पार्टी की विजय संकल्प रैली होगी। पहले तय था कि रैली को मुख्यमंत्री नायब सैनी संबोधित करेंगे। बुधवार को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का रैली में आने का कार्यक्रम बना, जो आज जारी हो सकता है।

दीपेंद्र हुड्डा लगा चुके हैं जीत की हैट्रिक

रोहतक लोकसभा प्रभारी राजीव जैन और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने रैली स्थल पुराना आईटीआई मैदान का निरीक्षण किया। बता दें रोहतक लोकसभा सीट को प्रदेश के अंदर काफी हॉट माना जा रहा है, जहां भाजपा व कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। हुड्डा परिवार नौ बार रोहतक सीट को जीत चुका है। पार्टी के मौजूद प्रत्याशी दीपेंद्र हुड्डा जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। पांच साल पहले भाजपा के अरविंद शर्मा ने ही दीपेंद्र हुड्डा को हराया था। इस बार कांग्रेस प्रत्याशी पूरा जोर लगाए हुए हैं।

सीएम नायब सैनी ने बैठक कर बनाई चुनाव रणनीति

ताबड़तोड़ विजय संकल्प रैलियों के साथ-साथ अपने प्रत्याशियों के नामांकन कराने में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने एक के बाद एक बैठकों के जरिए रणनीति को और पुख्ता करने की दिशा में और तेजी बरतनी शुरू की है। बुधवार को भी भाजपा के आला पदाधिकारियों की बैठकों का दौर जारी रहा। रात आठ बजे मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, लोकसभा चुनाव प्रभारी डा. सतीश पूनिया, लोकसभा चुनाव सह प्रभारी सुरेन्द्र नागर, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्या सुधा यादव, लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक सुभाष बराला, संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, अर्चना गुप्ता बैठक के लिए रोहतक पार्टी कार्यालय पहुंचे।

लगभग दो घंटे तक चली इस बैठक में प्रदेश भर में चल रहे कार्यों पर चर्चा हुई और आगामी कार्यक्रमों का सफलता पूर्वक आयोजन करने की रणनीति बनाई गई। बैठक में चुनाव प्रभारी ने विजय संकल्प रैलियों के संबंध में भी जानकारी ली। आज ही हरियाणा लोकसभा चुनाव और करनाल विधानसभा उप चुनाव में प्रचार के लिए भाजपा के स्टार प्रचारकों की केन्द्रीय नेतृत्व ने लिस्ट जारी की है। बैठक में किस नेता की किस लोकसभा क्षेत्र में रैलियां कराई जाए इस विषय पर मंथन हुआ।

विजय संकल्प रैली को लेकर की बैठक

वहीँ विजय संकल्प रैली को लेकर बीजेपी के युवा मोर्चा ने हुडा कॉम्प्लेक्स स्थित कार्यालय में बैठक की। यहां बाइक सवारों की अगुवाई में मुख्यमंत्री को रैली स्थल तक लाने का फैसला लिया गया। यहां पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर मुख्य अतिथि रहे। इसकी अध्यक्षता युवा जिलाध्यक्ष दीपक नागपाल ने की। ग्रोवर ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले युवा चौपाल की गति को बढ़ाएं। जिले में 300 चौपालों का टारगेट पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को पुराना आईटीआई मैदान में होने वाली पार्टी की रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा ही मुख्यमंत्री की अगुवाई करेगा।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular