कविता. रोहतक
इस समय रोहतक आग उगलती गर्मी की चपेट में है। तापमान 45 डिग्री तक पहुंच चुका है। दोपहर के समय सड़कें सूनी पड़ रही हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। लेकिन राहत देने वाली बिजली ही दिन के समय बार-बार गायब हो रही है। शहर की कई कॉलोनियों में दिन में भी लंबे बिजली कट लग रहे हैं।
हाउसिंग बोर्ड, विजय नगर, रामगोपाल कॉलोनी, जनता कॉलोनी समेत कई इलाकों में लोग घंटों बिना बिजली के परेशान हैं। कूलर और पंखे बंद होने से घर भट्ठी जैसे बन गए हैं। पिछले महीने बिजली निगम ने मेंटेनेंस और अन्य काम करने के लिए 157 करोड़ की योजना बनाई थी, कोई बताएगा इन 157 करोड़ से पहले भी करोड़ो का मेंटेनेंस कहां किया गया। लोगों का कहना है कि हर साल गर्मियों से पहले बिजली निगम मेंटेनेंस पर करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा करता है, लेकिन जैसे ही गर्मी बढ़ती है, पूरी व्यवस्था जवाब दे देती है।
दोपहर में घर के अंदर बैठना मुश्किल हो गया
हाउसिंग बोर्ड निवासी सुनीता ने बताया कि सबसे ज्यादा परेशानी दिन में हो रही है। उन्होंने कहा कि
दोपहर के समय बिजली चली जाती है तो घर के अंदर बैठना मुश्किल हो जाता है। बच्चे पसीने से परेशान हो जाते हैं। कूलर बंद होते ही ऐसा लगता है जैसे कमरे में आग जल रही हो। कई-कई घंटे बिजली नहीं आती।
विजय नगर में कूलर शोपीस बनकर रह गए
विजय नगर निवासी राजेश सैनी ने कहा कि भीषण गर्मी में दिन के समय लगने वाले कट लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा,इतनी गर्मी में लोग कूलर और पंखों के सहारे बैठे हैं, लेकिन बिजली ही नहीं रहेगी तो राहत कैसे मिलेगी?राजेश का कहना है कि बिजली निगम हर बार मेंटेनेंस का बहाना बनाता है, लेकिन व्यवस्था सुधरती नजर नहीं आती।
मेंटेनेंस सिर्फ फाइलों में हुआ लगता है
रामगोपाल कॉलोनी के आनंद ने निगम की तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, अगर करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं तो उसका असर जमीन पर क्यों नहीं दिख रहा? गर्मी शुरू होते ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई। लगता है मेंटेनेंस सिर्फ कागजों में हुआ है।
जनता कॉलोनी में लोग घर छोड़ बाहर बैठने को मजबूर
जनता कॉलोनी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि दिन के समय बिजली कट सबसे ज्यादा परेशान कर रहे हैं। दोपहर में घरों के अंदर हालात ऐसे हो जाते हैं कि लोग बाहर गली में बैठने को मजबूर हो जाते हैं। उमस और गर्म हवा ने हालत खराब कर दी है।
सवालों के घेरे में बिजली निगम
रोहतक में इस समय सिर्फ मौसम नहीं, बल्कि बिजली व्यवस्था भी लोगों की परीक्षा ले रही है। हर साल गर्मी आने से पहले तैयारियों के बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। लोग पूछ रहे हैं कि जब गर्मी हर साल पड़ती है तो फिर हर बार सिस्टम क्यों फेल हो जाता है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अगर लोग दिन में भीषण गर्मी के बीच बिना बिजली के तड़पें, तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
अगले सप्ताह भी नहीं मिलेगी राहत, 45 डिग्री के पार पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार रोहतक में आने वाले पूरे सप्ताह गर्मी का प्रकोप जारी रहने वाला है। अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। गर्म हवाएं और उमस लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती हैं। बारिश के फिलहाल कोई खास आसार नहीं दिख रहे। ऐसे में लोगों का कहना है कि अगर बिजली कट ऐसे ही चलते रहे तो हालात और खराब हो सकते हैं। दिन के समय बिजली गुल होने से घरों में रहना मुश्किल होता जा रहा है।
बाजार और छोटे कारोबार भी प्रभावित
लगातार बिजली कटों का असर अब छोटे कारोबारों पर भी दिखने लगा है। कई दुकानदारों का कहना है कि दिन में बिजली जाने से ग्राहक भी कम आ रहे हैं और कामकाज प्रभावित हो रहा है। शास्त्री मार्केट के दुकानदार विनोद अरोड़ा ने बताया, दोपहर में बिजली चली जाए तो दुकान के अंदर बैठना मुश्किल हो जाता है। ग्राहक भी ज्यादा देर रुकते नहीं। गर्मी की वजह से पहले ही बाजार सुस्त है, ऊपर से बिजली कट ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
लोगों में बढ़ रहा गुस्सा, जल्द समाधान की मांग
लगातार बिजली कटों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई कॉलोनियों के लोगों का कहना है कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे बिजली निगम कार्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों तक शिकायतें पहुंचाने के बावजूद हालात में सुधार नहीं हो रहा।

