Wednesday, July 8, 2026
Homeहरियाणारोहतकएक टाइम पानी, उसमें भी गंदगी, शहर की कई कॉलोनियों में दूषित...

एक टाइम पानी, उसमें भी गंदगी, शहर की कई कॉलोनियों में दूषित पेयजल से बढ़ी चिंता

कविता.रोहतक: शहर में पहले से ही पेयजल संकट झेल रहे लोगों की मुश्किलें अब दूषित पानी की सप्लाई ने और बढ़ा दी हैं। पिछले कई दिनों से शहर की कई कॉलोनियों में गंदा और बदबूदार पानी आने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। रामगोपाल कॉलोनी के कई हिस्सों, पुराने शहर की कॉलोनियों, चिन्योट कॉलोनी, हरि सिंह कॉलोनी, जनता कॉलोनी सहित अन्य इलाकों के लोग शिकायत कर रहे हैं कि नलों से कई बार मटमैला और दूषित पानी आ रहा है।

शहर में नहर में पानी की कमी के कारण पहले ही अधिकतर क्षेत्रों में एक समय ही पानी की सप्लाई की जा रही है। ऐसे में जब सप्लाई मिलती भी है तो कई बार पानी पीने योग्य नहीं होता। लोगों का कहना है कि गंदा पानी आने से उन्हें पीने और खाना बनाने के लिए बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा चिंता बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को लेकर है, क्योंकि दूषित पानी से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

इन कॉलोनियों से सबसे ज्यादा शिकायतें

दूषित पानी की शिकायतें शहर के कई हिस्सों से लगातार सामने आ रही हैं। रामगोपाल कॉलोनी के कई ब्लॉक, पुराने शहर के वार्ड, चिन्योट कॉलोनी, हरि सिंह कॉलोनी, जनता कॉलोनी, मॉडल टाउन के कुछ हिस्सों तथा आसपास की बस्तियों के लोगों का कहना है कि कई बार नलों से मटमैला और बदबूदार पानी आता है। लोगों का कहना है कि समस्या नई नहीं है, बल्कि समय-समय पर दोहराई जाती है।

इन बीमारियों का रहता है खतरा

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार दूषित पानी पीने से डायरिया, हैजा, टाइफाइड, पीलिया, उल्टी-दस्त और पेट के संक्रमण जैसी बीमारियां फैल सकती हैं। बरसात के मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को पानी उबालकर या फिल्टर करने के बाद ही इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है।

हर महीने बढ़ रहा जेब पर बोझ

चिन्योट कॉलोनी निवासी राजेश, रामगोपाल कॉलोनी की सुनीता देवी और जनता कॉलोनी के विजय कुमार का कहना है कि गंदा पानी आने के कारण उन्हें पीने के लिए कैंपर और आरओ का पानी खरीदना पड़ रहा है। एक समय की सप्लाई और उसमें भी दूषित पानी आने से रोजमर्रा की परेशानी बढ़ गई है।

शिकायतें तो हुईं, समाधान अब भी अधूरा

हरि सिंह कॉलोनी के सुरेश मलिक, पुराने शहर के रमेश गोयल और रामगोपाल कॉलोनी के अशोक का कहना है कि समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो रहा। लोगों की मांग है कि पाइपलाइन की जांच कर जहां लीकेज है, उसे तुरंत ठीक कराया जाए।

विभाग को क्या करना चाहिए

जन स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित कॉलोनियों में पेयजल के सैंपल लेकर जांच करानी चाहिए। साथ ही पुरानी और जर्जर पाइपलाइन बदलने, सीवर और पेयजल लाइन के लीकेज दूर करने, जलाशयों की सफाई और नियमित क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने की जरूरत है। लोगों का कहना है कि सुरक्षित पेयजल उनकी सबसे बड़ी जरूरत है।

RELATED NEWS

Most Popular