Friday, August 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअम्बेडकरनगर में CM योगी की बड़ी घोषणाएं: 'श्रवणधाम बस स्टैंड' के रूप...

अम्बेडकरनगर में CM योगी की बड़ी घोषणाएं: ‘श्रवणधाम बस स्टैंड’ के रूप में होगा अकबरपुर बस स्टैंड का नामकरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कटेहरी में आयोजित एक भव्य समारोह में जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए ₹1,184 करोड़ की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 102 योजनाओं का लोकार्पण और 92 योजनाओं का शिलान्यास सीएम योगी के कर कमलों से हुआ।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मांग पर विचार करते हुए कहा कि अकबरपुर बस स्टैंड का नामकरण ‘श्रवणधाम बस स्टैंड’ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह नामकरण श्रवण धाम की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता को सम्मान देने का प्रयास है, जो मातृ-पितृ भक्ति का प्रतीक है। साथ ही, टांडा बस स्टैंड का नाम स्वर्गीय जयराम वर्मा के नाम पर ‘जयराम वर्मा बस स्टैंड’ करने का ऐलान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रवण धाम को रामायण काल से पूर्व के धाम के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने शिव बाबा धाम में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना: किसानों के लिए संबल

सीएम योगी ने ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ के तहत पूरे उत्तर प्रदेश के 11,690 किसान परिवारों को ₹561.86 करोड़ की सहायता राशि वितरित करने की बात कही। इसमें अम्बेडकरनगर के 431 परिवार शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना में किसानों, बटाईदारों, कृषि श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों को शामिल किया गया है। योजना के तहत 2020-21 से 2025-26 तक क्रमशः ₹500 करोड़ से ₹1,050 करोड़ तक की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा, “पैसे की कमी नहीं है। हम हर तहसील में इस कार्यक्रम को चला रहे हैं ताकि आपदा प्रभावित किसान परिवारों को तुरंत सहायता मिले।”

शिव बाबा और श्रवण धाम से पर्यटन विकास को मिलेगी नई दिशा

मुख्यमंत्री ने शिव बाबा धाम और श्रवण धाम के पर्यटन विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिव बाबा धाम में कई कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य प्रगति पर हैं। श्रवण धाम को मातृ-पितृ भक्ति के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके अतिरिक्त, तहसील भीटी में अग्निशमन केंद्र और फायर ब्रिगेड यूनिट की स्थापना को मंजूरी दी गई है, जिसका शिलान्यास जल्द होगा। इन प्रयासों से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

जनपद की प्रगति का आधार हैं विकास परियोजनाएं

लोकार्पित और शिलान्यास की गई परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग की 14, जल जीवन मिशन की 72, विद्युत विभाग की 4, सुरक्षा से संबंधित 6, नलकूप की 13 परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा, राजे सुल्तानपुर में मुख्यमंत्री कल्याण मंडपम का लोकार्पण, ग्रामीण स्टेडियम का शिलान्यास, राजकीय आईटीआई, पॉलिटेक्निक, मेडिकल कॉलेज, पेयजल, सड़क विकास और नर्सरियों के पुनरोद्धार जैसी योजनाएं जनपद के विकास को गति देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं अम्बेडकरनगर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।

समाज को बांटने वालों को बेनकाब करना होगा

सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोगों को प्रदेश का विकास अच्छा नहीं लगता, केवल अपने परिवार का विकास ही अच्छा लगता है। ऐसे लोग परिवार के नाम पर जाति को निशाना बनाते हैं। जातिवाद के नामपर सत्ता में आकर नग्न तांडव करते हैं। समाज को बांटते हैं। पर्व त्योहार के उत्साह और उमंग को फीका करते हैं। उन्होंने समाज को बांटने वालों को बेनकाब करने की बात भी कही।

उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अम्बेडकरनगर में हो रहे विकास कार्य, जैसे मेडिकल कॉलेज, पॉलिटेक्निक, और पर्यटन विकास, जनपद को नई पहचान दे रहे हैं। उन्होंने कटेहरी के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने धर्मराज निषाद जैसे गरीब परिवार के बेटे को विधायक बनाकर क्षेत्र की प्रगति में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि 20 से 25 हजार की आबादी वाले बाजारों को नगर पंचायत बनाया जा सकता है, बशर्ते वो मानक को पूरा करें।

लाभार्थियों को बांटा चेक, चाबी, आयुष्मान कार्ड और नियुक्तिपत्र

इस अवसर पर सीएम योगी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा के लाभार्थियों, जिसमें गीता देवी, अकीला खातून, सितारा देवी, शांति देवी, रेखा शुक्ला, कुमारी शालू, ज्योति, वंदना भारती, रुकमिणी, शिम्मू वर्मा, संगीता, शशिकला, कुसुम, अनीता और सबीना शामिल रहीं, को पांच लाख का डेमो चेक प्रदान किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबी और नियुक्ति पत्र वितरित किये। इनमें अंकिता पाठक, पीयूष साहू, जीशान हैदर को चिकित्सक नियुक्ति पत्र, अंजली, मयंक और हिमांशु को पंचायत सहायक का नियुक्ति पत्र, किरण, अंतिमा, सरिता को आशा नियुक्ति पत्र, संगम वर्मा, रितु, नम्रता वर्मा, जानकी वर्मा और प्रियंका त्रिपाठी को आंगनबाड़ी नियुक्ति पत्र वितरित किये। रूपा देवी, कांति, कृष्ण कुमार, अश्विनी कुमार को अन्य योजनाओं के लिए डेमो चेक और आयुष्मान कार्ड प्रदान किये। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की लाभार्थी दुर्गा देवी, कुसुमा देवी, एनआरएलएम के लिए गायत्री देवी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना शेर बहादुर और बच्चा राम यादव को सीएम ने योजना से लाभान्वित किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, एमएलसी हरिओम पांडेय, विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, त्रिवेणी राम, संजू देवी, अनिता कमल, जयराम विमल सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular