Monday, October 26, 2026
Homeव्यापारबायोमास कारोबार : Homre Ltd का मुनाफा 325% उछला, बिक्री 755% बढ़ी

बायोमास कारोबार : Homre Ltd का मुनाफा 325% उछला, बिक्री 755% बढ़ी

नई दिल्ली : बायोमास और क्लीन एनर्जी के क्षेत्र में सक्रिय Homre Ltd. (पूर्व नाम Triton Corp Ltd) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 325 प्रतिशत बढ़कर 0.68 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वर्ष की इस अवधि में यह 0.16 करोड़ रुपए था।

कंपनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिक्री में भी जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई। सितंबर तिमाही में बिक्री 755.10 प्रतिशत बढ़कर 20.95 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले वर्ष 2.45 करोड़ रुपये थी। परिचालन लाभ मार्जिन (OPM) सुधरकर 3.68 प्रतिशत हो गया, जबकि एक साल पहले यह -0.82 प्रतिशत था। कर पूर्व लाभ (PBT) भी 314 प्रतिशत बढ़कर 0.91 करोड़ रुपये रहा।

यह लगातार दूसरी तिमाही है, जब कंपनी ने 3 अंकों की सालाना मुनाफा वृद्धि दर्ज की है। जून 2026 तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 270.59 प्रतिशत बढ़कर 0.63 करोड़ रुपये रहा था। अप्रैल-सितंबर 2026 की पहली छमाही में कंपनी की कुल बिक्री लगभग 32.87 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ करीब 1.31 करोड़ रुपये रहा।

बायोमास कारोबार से विस्तार…

Homre Ltd. ने राजस्थान के भरतपुर में अपने नए बायोमास पेलेट प्लांट में परिचालन शुरू किया है। कंपनी इस इकाई में कृषि और वन अवशेषों से बायोमास ब्रिकेट्स और पेलेट्स तैयार करेगी। इनका इस्तेमाल औद्योगिक बॉयलर और भट्टियों में कोयले के विकल्प के रूप में किया जाता है।

कंपनी मेटल रीसाइक्लिंग कारोबार पर भी ध्यान बढ़ा रही है। उसकी रणनीति नवीकरणीय ऊर्जा और सर्कुलर इकोनॉमी के जरिए कारोबार का विस्तार करना है।

30 सितंबर 2026 तक कंपनी की कुल परिसंपत्तियां बढ़कर 1,400.13 लाख रुपये हो गईं। हालांकि, पहली छमाही में परिचालन गतिविधियों से नकदी प्रवाह 67.65 लाख रुपये नकारात्मक रहा। ऐसे में निवेशकों के लिए आगामी तिमाहियों में मुनाफे की निरंतरता, मार्जिन और नकदी प्रवाह पर नजर रखना महत्वपूर्ण होगा।

कंपनी के बारे में जानें…

Homre Ltd. (पूर्व नाम Triton Corp Ltd.) एक सूचीबद्ध कंपनी है, जिसका पंजीकृत कार्यालय नई दिल्ली में है। Maple e-Solutions Ltd इसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है।

कंपनी का मानना है कि भारत में नवीकरणीय ऊर्जा, स्वच्छ ईंधन और ग्रीन औद्योगिक समाधानों की बढ़ती मांग उसके लिए विकास के नए अवसर पैदा कर सकती है। कंपनी प्रबंधन के मुताबिक उसका लक्ष्य केवल वित्तीय प्रदर्शन तक सीमित नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार और भविष्य के लिए तैयार कारोबारी मॉडल तैयार करना है।

RELATED NEWS

Most Popular