कविता. रोहतक : डेंगू का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। रोहतक जिले में डेंगू का 16वां मरीज कन्फर्म हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के बाद लोगों को मच्छरों से बचाव को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
जिले में सामने आए 16 डेंगू मरीजों में 10 महिलाएं और 6 पुरुष हैं। इनमें 9 मामले शहरी क्षेत्र और 7 मामले ग्रामीण क्षेत्र से सामने आए हैं। वहीं, मलेरिया और चिकनगुनिया का इस साल अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
इन इलाकों में मिले डेंगू के मरीज
डेंगू के मामले जिले के अलग-अलग हिस्सों से सामने आए हैं। रिपोर्ट में उत्तम विहार, सुखपुरा चौक, रोहतक-2, खेड़ी साध, सेक्टर-3, रोहतक-1, मकडोली कलां, सेक्टर-14, सैनिक कॉलोनी, कमाल कॉलोनी, शीला नगर, शोरा कोठी, मदिना गिंदरान, सुनारिया कलां और नेहरू कॉलोनी का उल्लेख है।
14 मरीजों का ओपीडी में इलाज, एक अस्पताल से डिस्चार्ज
डेंगू के कुल 16 मामलों में से एक मरीज को अस्पताल में भर्ती किया गया था, जिसे अब डिस्चार्ज किया जा चुका है, जबकि 15 मरीजों का ओपीडी में इलाज किया गया।
कुल 2718 सैंपल लिए जा चुके हैं। रिपोर्ट में डेंगू से होने वाली पुष्ट मौतों की संख्या शून्य है। वहीं, वर्ष 2025 में जिले में डेंगू के 205 मामले दर्ज हुए थे, जबकि इस साल 11 सितंबर तक 15 मामले सामने आए हैं।
बचाव के लिए सावधानी जरूरी
डेंगू का मच्छर साफ पानी में भी पनप सकता है। ऐसे में घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले, टंकियों और अन्य पानी के बर्तनों को नियमित रूप से साफ करें। दिन के समय भी मच्छरों से बचाव करें और बुखार आने पर डॉक्टर की सलाह लें।


