Friday, September 18, 2026
HomeदेशAhilyabai Holkar Jayanti: सीएम नायब सैनी बोले- समाज सेवा, बेटियों को शिक्षा...

Ahilyabai Holkar Jayanti: सीएम नायब सैनी बोले- समाज सेवा, बेटियों को शिक्षा और समान अधिकार देने का लें संकल्प

कुरुक्षेत्र:मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। ऐसे में हमें लोकमाता अहिल्याबाई के पदचिन्हों पर चलना होगा और उनकी तरह न्याय देना होगा, विकास करना होगा और संस्कृति को सहेजना होगा। आज अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर हम सब मिलकर संकल्प लें कि हम समाज की सेवा करेंगे और बेटियों को शिक्षा और समान अधिकार देंगे।

मुख्यमंत्री सैनी शनिवार को पिपली स्थित अनाज मंडी में मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पाल गडरिया समाज की ओर से मुख्यमंत्री को पगड़ी, शाल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के नाम पर दो एकड़ भूमि पर एक म्यूजय़िम का निर्माण कराया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी उनके जीवन और कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त कर प्रेरित हो सके। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पाल गडरिया समाज की सहमति से किसी एक गांव या शहर में मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के नाम से प्रवेश द्वार का निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने पाल गडरिया समाज धर्मशाला कुरुक्षेत्र को अपने स्वैच्छिक कोष से 31 लाख रुपये की राशि देने की भी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने कैबिनेट कृष्ण लाल पंवार, महीपाल ढांडा, रणबीर गंगावा, श्याम सिंह राणा, सांसद नवीन जिंदल और राज्य सभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा की ओर से भी 11-11 लाख रुपये देने की घोषणा की है।

अहिल्याबाई होलकर केवल एक शासक नहीं, बल्कि नारी शक्ति की जीती-जागती मिसाल थी

उन्होंने कहा कि मातेश्वरी अहिल्याबाई जी का जन्म 31 मई, 1725 को महाराष्ट्र के चौंडी गांव में हुआ। उस युग में जब महिलाओं को शासन, शिक्षा और स्वतंत्रता से वंचित किया जाता था, तब अहिल्याबाई जी ने समाज की जंजीरों को तोड़ा और नारी शक्ति का एक दिव्य उदाहरण बनकर उभरी। अहिल्याबाई ने यह साबित कर दिखाया है कि जब एक नारी अपने कर्तव्य पथ पर अडिग हो जाती है तो वह युगों को बदल देती है। अहिल्याबाई होलकर जी केवल एक शासक नहीं थी, वे नारी शक्ति की जीती-जागती मिसाल थी। अहिल्याबाई ने किसानों को कर में राहत दी, व्यापार को बढ़ावा दिया और वर्ग के लिए समान अवसर सुनिश्चित किए हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए तेजी से अग्रसर हैं।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नशे को जड़ से खत्म करने का ले संकल्प

CM सैनी ने कहा कि आज का दिन विश्व तंबाकू निषेध दिवस के रूप में भी मनाया जा रहा है। तंबाकू धीमा जहर है जो कि शरीर को अंदर से खोखला करता है और धीरे-धीरे जीवन को निगल लेता है। इस दिन हम सभी मिलकर संकल्प लें कि समाज को स्वस्थ रखने के लिए तंबाकू नहीं बल्कि स्वास्थ्य, सेवा और संस्कार का चयन करेंगे और नशे को जड़ से खत्म करने में अपना योगदान देंगे।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, व्हिप चीफ एवं विधायक रामकुमार कश्यप, सांसद रामचंद्र जांगडा, सांसद नवीन जिंदल, बावल विधायक कृष्ण कुमार, खरखोदा विधायक पवन, पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, विधायक कपूर वाल्मीकि समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular