- जियो हॉटस्टार पर रिलीज होगा वेबसीरीज का सीजन-2
- रोमांटिक हिट ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ के पहले सीजन में छोड़ी थी छाप
Rohtak News : दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के पूर्व छात्र की अदाकारी आज से ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर नजर आने वाली है।
रोमांटिक हिट रही वेबसीरीज ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ का दूसरा सीजन स्ट्रीम होने वाला है, जिसमें सुपवा के पूर्व छात्र व मौजूदा असिस्टेंट प्रोफेसर आशीष नेहरा की अभिनय क्षमता दिखाई देगी। इससे पहले ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ के पहले सीजन में भी आशीष ने अपने अभिनय की अमिट छाप छोड़ी थी।
अशीष नेहरा बताते हैं कि उनके फिल्मी सफर में डीएलसीसुपवा का सबसे बड़ा योगदान रहा है। वे साल 2011 बैच में बैचलर इन डायरेक्शन के छात्र रहे। कुछ प्रोजेक्ट में डायरेक्शन का कार्य करने के साथ ही एक्टिंग के क्षेत्र में कदम रखा, जहां एक के बाद एक प्रोजेक्ट मिलते चले गए। अभी पिछले दिनों दूजवर-2, सपने वर्सेज एवरीवन, जालिमपुर आदि में अपनी एक्टिंग की प्रतिभा के दम पर वाहवाही बटोर चुके हैं। आशीष नेहरा इससे पहले ‘डीजे वाले बाबू’, ‘कुड़ी हरियाणा वल दी’, ‘ठुकरा के मेरा प्यार-1’, ‘दूजवर-1’, ‘दहलीज’, ‘कांड 2010’ में अपने अभिनय से दर्शकों पर छाप छोड़ चुके हैं, जबकि उनके निर्देशन में बनी फिल्म ‘पिंजरे की तितलियां’ और ‘घर की बात’ को कई फिल्म फेस्टिवल में अवार्ड मिल चुके हैं। आशीष फिलहाल सुपवा में ही असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर भी कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि ‘ठुकरा के मेरा प्यार-1’ को मिली सफलता के बाद फिल्म निर्माता ने ‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ बनाने का फैसला लिया, इनका निर्देशन श्रद्धा पासी ने किया है।
आशीष बताते हैं कि ‘ठुकरा के मेरा प्यार सीजन-2’ की कहानी पहले सीजन के अंत से आगे बढ़ती है, जो उत्तर प्रदेश के बैकड्रॉप पर आधारित एक बेहद डार्क और इंटेंस लव, पॉलिटिक्स और रिवेंज (प्रतिशोध) ड्रामा है। कहानी के केंद्र में कुलदीप (धवल ठाकुर) और शिखा (संचिता बसु) हैं। पहले सीजन में इनके बीच एक गहरी प्रेम कहानी दिखाई गई थी, जो जातिगत भेदभाव, पारिवारिक रसूख और धोखे के कारण वह रिश्ता पूरी तरह टूट जाता है। सीजन-2 में कुलदीप उस धोखे और अपमान का शिखा और व उसके रसूखदार परिवार से बदला लेना चाहता है। यहीं से सर्वेश सिंह (आशीष नेहरा) इस खेल में बड़ा मोहरा बनकर उभरते हैं। सर्वेश सिंह का किरदार कहानी में सत्ता, रसूख व अपनी शर्तों पर खेल चलाने वाले एक रफ एंड टफ मिजाज का है, जो कुलदीप की प्रतिशोध की आग में घी डालने या उसके रास्ते में सबसे बड़ी दीवार बनने का काम करता है।

