Panchkula News: पंचकूला नगर निगम चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आज राज्यसभा सांसद संजय सिंह और हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार गुप्ता ने पार्टी के मेयर व पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में पंचकूला के सेक्टर-16 में आयोजित “पंचकूला बदलाव रैली” में ‘आप’ मेयर और पार्षद प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगते हुए 10 मई को ‘झाड़ू के चुनाव चिन्ह पर वोट करने की अपील की। इस दौरान भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और विफलताओं को उजागर करते हुए नेताओं ने जनता से बदलाव के लिए वोट करने को कहा।
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने पंचकूला को विकास का मॉडल बनाने का वादा किया था, लेकिन आज शहर टूटी सड़कें, सीवरेज की समस्या और पेयजल संकट से जूझ रहा है। जनता के टैक्स का पैसा विकास के बजाय घोटालों और कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गया है।
जनसभा के दौरान भारी संख्या में मौजूद युवाओं और महिलाओं के उत्साह को देखते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने दावा किया कि हरियाणा अब भाजपा और कांग्रेस की राजनीति को नकार चुका है। पंचकूला में बदलाव की बयार साफ दिखाई दे रही है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा, अब समय आ गया है कि पंचकूला की जनता अपने बच्चों के भविष्य और शहर की तरक्की के लिए झाड़ू का बटन दबाए और ईमानदार राजनीति को चुने।”*
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी हरियाणा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।

