हरियाणा सरकार ने आउटसोर्सिंग पॉलिसी के पार्ट-2 के तहत विभिन्न विभागों, बोर्डों एवं निगमों में कार्यरत कर्मचारियों की अनुबंध अवधि दो माह के लिए बढ़ा दी है। अब इन कर्मचारियों की सेवाएं 31 दिसंबर, 2026 तक जारी रहेंगी। यह विस्तार 1 नवंबर, 2026 से प्रभावी होगा।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, स्वीकृत पदों के विरुद्ध आउटसोर्सिंग पॉलिसी के पार्ट-2 के तहत नियुक्त कर्मचारियों की अनुबंध अवधि पहले 31 अक्टूबर, 2026 तक बढ़ाई गई थी। अब सरकार ने मामले पर पुनर्विचार करते हुए इसे आगामी दो माह के लिए और बढ़ाने का निर्णय लिया है।
इसके अतिरिक्त, हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएनएल) के माध्यम से विभिन्न विभागों, बोर्डों एवं निगमों में तैनात कर्मचारियों की अनुबंध अवधि भी दो माह के लिए बढ़ाकर 31 दिसंबर, 2026 तक कर दी गई है।सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह विस्तार एचकेआरएन द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुसार ही होगा। इस संबंध में मानव संसाधन विभाग द्वारा सभी संबंधित विभागों, बोर्डों एवं निगमों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

