Wednesday, November 11, 2026
HomeहरियाणारोहतकSIR में छूटे मतदाताओं को नाम जुड़वाने का एक और अवसर, रोहतक...

SIR में छूटे मतदाताओं को नाम जुड़वाने का एक और अवसर, रोहतक में बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे संपर्क

रोहतक : उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे मतदाताओं की श्रेणी अर्थात एएसडीडी में चिन्हित मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने का एक और अवसर दिया जा रहा है। ऐसे मतदाता इस अवसर का लाभ उठाते हुए 20 नवंबर 2026 तक अपना गणना प्रपत्र अवश्य भरकर जमा करवाएं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

सतबीर सिंह स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अनुपस्थित स्थानांतरित, मृत व दोहरे मतदाता के रूप में चिन्हित किये गये पात्र मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरवाने में पूर्ण सहयोग करें। जिला प्रशासन जिला के सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के प्रति कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि ऐसे चिन्हित मतदाताओं के घर-घर जाकर बूथ स्तर अधिकारी गणना प्रपत्र उपलब्ध करवायेंगे, जिन्हें भरकर वापिस देना मतदाताओं का कर्तव्य है।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि जिला के चार विधानसभा क्षेत्रों में कुल 8,50,304 मतदाताओं में से 1,59,056 मतदाता उपरोक्त श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। इनमें 44,762 मृत, 35,312 अनुपस्थित, 69,370 स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा 3,195 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार महम में 27,546, गढ़ी सांपला-किलोई में 35,086, रोहतक में 52,960 तथा कलानौर में 43,464 मतदाता उपरोक्त श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं।

सतबीर सिंह ने कहा कि निर्वाचन विभाग द्वारा उपरोक्त श्रेणी के ऐसे मतदाताओं के संबंध में आंशिक रूप से भरे हुए गणना प्रपत्र ईसीआई नेट के माध्यम से ईआरओ डैशबोर्ड पर नए सिरे से तैयार किए जाएंगे। संबंधित बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से ऐसे मतदाताओं से संपर्क कर गणना प्रपत्र की डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मतदाता अपना गणना प्रपत्र भौतिक रूप से प्राप्त करने के साथ-साथ व्हाट्सऐप, ई-मेल एवं एसएमएस जैसे इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से भी प्राप्त कर सकते हैं तथा इसे ऑनलाइन भी भर सकते हैं। बूथ स्तर अधिकारी द्वारा संबंधित बूथ स्तर एजेंट एक व दो के साथ घर-घर जाकर, पड़ोसियों एवं परिवार के अन्य सदस्यों से संपर्क करके तथा फोन के माध्यम से भी उपरोक्त श्रेणी के मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाने के प्रयास किए जाएंगे।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि ऐसे मतदाता, जिन्होंने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, वे भरे हुए एवं हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र के साथ एनेक्शर-ए एवं एनेक्शर-सी में दिए गए विवरण संबंधित ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ को स्वयं या परिवार के सदस्यों के माध्यम से जमा करवा सकते हैं। ऐसे मतदाताओं को ईसीआई नेट के माध्यम से ऑनलाइन गणना प्रपत्र जमा करवाने की सुविधा भी उपलब्ध है। यदि किसी मतदाता को उपरोक्त श्रेणी में चिन्हित किया गया है और वह राज्य के भीतर अपना निवास स्थान बदल चुका है, तो उसे फॉर्म-8 भरने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाता को नए पते एवं संबंधित विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए एनेक्शर-ए एवं एनेक्शर-सी के साथ गणना प्रपत्र जमा करवाना होगा। इसके साथ आवेदक अथवा परिवार के सदस्य का पता प्रमाण संबंधित विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ ध् एईआरओ के पास जमा करवाया जा सकता है, जहां मतदाता वर्तमान में निवास कर रहा है।

सतबीर सिंह ने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए ईसीआई नेट ऐप पर काॅल बुक सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है, जिसके माध्यम से मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। यदि किसी मतदाता के पास पता प्रमाण से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, तो बीएलओ द्वारा किए गए फील्ड सत्यापन की रिपोर्ट भी निवास प्रमाण की आवश्यकता पूरी करने के लिए पर्याप्त होगी।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिला के सभी पात्र मतदाताओं का आह्वान किया है कि वे 20 नवंबर 2026 से पहले अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा करवाएं, ताकि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में उनका नाम शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई समय पर की जा सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन जानकारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए पात्र मतदाता इस अवसर को गंभीरता से लेते हुए समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

एएसडीडी श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं को नाम शामिल करवाने के लिए दोबारा भरना होगा गणना प्रपत्र 

अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि उपरोक्त श्रेणी में चिन्हित किये गये मतदाताओं को मतदाता सूची में दोबारा नाम शामिल करवाने के लिए गणना प्रपत्र भरना होगा तथा नियमानुसार एनेक्शर-बी भरना होगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता न छूटे।

उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे चिन्हित मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाने में भी बीएलओ की मदद करें। स्थानीय निवासी ऐसे मतदाताओं को ढूंढने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बैठक में विचार सांझा किए तथा इस कार्य में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में उपमंडलाधीश आशीष कुमार, चुनाव तहसीलदार सरला कौशिक सहित अन्य संबधित अधिकारी एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार वर्चुअली बैठक से जुडे।

RELATED NEWS

Most Popular