कविता.रोहतक : प्रदूषण का बढ़ता स्तर अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। पटाखों और आतिशबाजी से निकले धुएं ने हवा को और जहरीला कर दिया है। इसका सबसे ज्यादा असर पहले से दिल, टीबी, सांस और फेफड़ों की बीमारियों से जूझ रहे मरीजों पर पड़ रहा है।
नागरिक अस्पताल और पीजीआईएमएस में ऐसे मरीजों की संख्या में अचानक करीब 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है, वहीं गंभीर हालत में पहुंचने वाले कई मरीजों को दाखिल करना पड़ रहा है। प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ, सीने में जकड़न, खांसी और घबराहट जैसी समस्याएं हो रही हैं।
पटाखों के धुएं ने फेफड़ों पर बढ़ाया प्रदूषण का वार
पटाखों और आतिशबाजी से निकलने वाला धुआं वातावरण में महीन जहरीले कणों की मात्रा बढ़ा देता है। ये कण सांस के जरिए सीधे फेफड़ों तक पहुंचते हैं। सामान्य लोगों को भी आंखों में जलन, गले में खराश और खांसी की परेशानी होने लगती है, लेकिन अस्थमा, टीबी और फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए यह स्थिति ज्यादा खतरनाक हो जाती है। ऐसे मरीजों में सांस फूलने और लगातार खांसी की शिकायत बढ़ रही है।
दिल के मरीजों के लिए भी जहरीली हवा बनी खतरा
प्रदूषण का असर केवल सांस और फेफड़ों तक सीमित नहीं है। हवा में मौजूद बारीक प्रदूषित कण रक्त प्रवाह और हृदय प्रणाली को भी प्रभावित कर सकते हैं। पहले से हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को सीने में दर्द, बेचैनी और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों के अनुसार ऐसे मरीजों को प्रदूषण के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। थोड़ी सी लापरवाही भी उनकी परेशानी बढ़ा सकती है।
गंभीर को करना पड़ रहा दाखिल
नागरिक अस्पताल और पीजीआईएमएस में प्रदूषण से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के मरीजों की संख्या में अचानक करीब 25 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। ओपीडी में सांस, खांसी, सीने में जकड़न और फेफड़ों से संबंधित शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीज बढ़े हैं। इनमें कई मरीज ऐसे भी हैं, जिनकी हालत सामान्य दवाओं से नियंत्रित नहीं हो पा रही। उन्हें अस्पताल में भर्ती करके उपचार देना पड़ रहा है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दबाव बढ़ रहा है।
बुजुर्गों और बच्चों को ज्यादा खतरा, घर से निकलने में बरतें सावधानी
प्रदूषण के इस दौर में बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। सुबह और देर शाम प्रदूषण के प्रभाव के बीच बाहर निकलने से बचना चाहिए। सांस और दिल के मरीज अपनी दवाएं नियमित लें और डॉक्टर की सलाह के बिना दवाओं में बदलाव न करें। बाहर निकलना जरूरी हो तो अच्छी फिटिंग वाला एन95 मास्क इस्तेमाल करें। सांस लेने में ज्यादा परेशानी, सीने में दर्द या अचानक घबराहट होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें।

