बहादुरगढ़। बंद कमरे में एक युवक का शव मिलने छोटूराम नगर में सनसनी फ़ैल गई। शव दो से तीन दिन पुराना नजर आ रहा है। युवक के गले में रस्सी बंधी हुई है और मुंह से खून निकला हुआ है। ऐसा प्रतीत होता है जैसे किसी ने उसकी हत्या की है। मामला बहादुरगढ़ का है। मौत के असल कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। लाइनपार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भिजवा दिया है और मामले में जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई होगी।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय संजय के रूप में हुई है। संजय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले का रहने वाला था। कुछ समय से यहां छोटूराम नगर में किराये पर रह रहा था। एमआईई स्थित एक चप्पल कंपनी में काम करता था। 2-3 दिन से संजय के कमरे का दरवाजा खुला नहीं था। पड़ोसियों को दुर्गंध महसूस हो रही थी। शुक्रवार की सुबह दुर्गंध बढ़ी तो कोई संजय के कमरे तक पहुंचा। कमरे के बाहर दरवाजे के नीचे से बहे हुए खून के निशान नजर आए। सूचना पाकर लाइन पार थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर आवश्यक छानबीन के बाद शव को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। शव सड़ चुका था। इस कारण उसे अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
संजय की मौत की वजह फिलहाल सवाल बनी हुई है। उसके गले से रस्सी का टुकड़ा बरामद हुआ है। शव भी औंधे मुंह पड़ा था। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है। गांव से परिजन यहां पहुंचेंगे तो उनके बयान होंगे। संजय ने फांसी लगाने की कोशिश की या उसकी मौत के पीछे किसी का हाथ है, आदि कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। असल पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हो पाएगी लेकिन प्रथम दृष्टया में शव की हालत देख कर हत्या का मामला लग रहा है।
लाइनपार थाने से जांच अधिकारी विजयपाल सिंह ने कहा कि छोटूराम नगर स्थित एक कमरे से युवक का शव मिला है। शिनाख्त हो गई है। अभी मौत के कारणों के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के असल कारणों की पुष्टि हो सकेगी।