Sunday, October 6, 2024
Homeहरियाणा रशिया भेजने के नाम पर युवक से ठगे साढ़े पांच लाख रुपये,...

 रशिया भेजने के नाम पर युवक से ठगे साढ़े पांच लाख रुपये, दो आरोपियों पर केस दर्ज

Yamunanagar : रशिया भेजने के नाम पर यमुनानगर के गांव शाहपुर-302 निवासी मांगेराम से साढ़े पांच लाख रुपये ठग लेने का मामला सामने आया है। आरोप बिलासपुर निवासी रणजीत सैनी व चड़ीगढ़ निवासी गोल्डी पर लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव शाहपुर निवासी मांगेराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। इसके लिए वह पासपोर्ट बनवाना चाहता था। उसने बताया कि बिलासपुर निवासी रणजीत सैनी की कस्बे में ही फोटो स्टेट की दुकान है। वह रणजीत सैनी की दुकान पर पासपोर्ट के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए गया। इस दौरान आरोपी रणजीत सैनी ने कहा कि वह लोगों को विदेश भेजने का भी कार्य करता है। उसका चंडीगढ़ में गोल्डी नाम का दोस्त है। जिसके माध्यम से वह कार्य करता है। इस दौरान आरोपी ने उसकी गोल्डी से बात करवाई।

आरोपियों ने उसे रशिया भेजने के लिए साढ़े चार लाख रुपये का खर्च आने की बात की। इसके साथ ही करीब एक लाख रुपये दस्तावेज व अन्य खर्च बताए। उसने आरोपियों पर विश्वास करके उन्हें अलग-अलग करके साढ़े पांच लाख रुपये दे दिए। कुछ दिन बाद आरोपियों ने उसे उसकी टिकट होने की बात कही लेकिन वह कैंसिल हो गई। जिसके बाद आरोपियों ने दोबारा उसकी टिकट कराई। जब वह एयरपोर्ट पर गया तो उसे रोक लिया गया।

जब उसने वहां से आरोपियों से बात की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। वापस आकर उसने आरोपियों से बात की तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर उसने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular