Thursday, June 18, 2026
Homeहरियाणारोहतकरजवाहा होगा इतिहास : पाइपलाइन से दौड़ेगा पानी, सोनीपत रोड पर 12...

रजवाहा होगा इतिहास : पाइपलाइन से दौड़ेगा पानी, सोनीपत रोड पर 12 करोड़ में डाली जाएगी पाइपलाइन

कविता. रोहतक : सोनीपत रोड पर वर्षों से लोगों की परेशानी का कारण बना रजवाहा अब इतिहास बनने जा रहा है। जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग ने करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने की योजना को अंतिम रूप दे दिया है।

इस परियोजना के तहत खुले रजवाहे की जगह मजबूत डक्टाइल आयरन पाइपलाइन के जरिए पानी सीधे जलघरों तक पहुंचाया जाएगा। इससे न केवल पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी, बल्कि सड़क पर जलभराव, गंदगी और दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी।

खुले रजवाहे की जगह अब आधुनिक व्यवस्था

सोनीपत रोड का रजवाहा लंबे समय से शहर की प्रमुख समस्याओं में शामिल रहा है। खुले पानी के कारण इसमें कचरा गिरने, पानी दूषित होने और आसपास के क्षेत्र में गंदगी फैलने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। नई योजना के तहत अब पूरे सिस्टम को आधुनिक बनाया जाएगा और पानी बंद पाइपलाइन के माध्यम से जलघरों तक पहुंचाया जाएगा। इससे पानी की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।

सीधे जलघर तक पहुंचेगा नहर का पानी

नई व्यवस्था लागू होने के बाद जवाहरलाल नेहरू नहर और भालौठ सब ब्रांच नहर से सीधे पंपिंग के जरिए पानी जलघर तक पहुंचाया जाएगा। विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से पानी की उपलब्धता पर बेहतर नियंत्रण रहेगा। जलघरों में पर्याप्त भंडारण बना रहेगा और शहर के संबंधित इलाकों में पेयजल आपूर्ति का दबाव भी पहले से अधिक बेहतर होगा।

4.5 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड लाइन बनेगी

परियोजना के तहत करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी डक्टाइल आयरन पाइपलाइन जमीन के नीचे बिछाई जाएगी। यह पाइपलाइन अपनी मजबूती और लंबे समय तक टिकाऊ रहने के लिए जानी जाती है। विभाग का दावा है कि इस तकनीक से भविष्य में लीकेज और रखरखाव की समस्याएं भी काफी कम हो जाएंगी, जिससे लंबे समय तक लोगों को निर्बाध पानी मिलता रहेगा।

डेढ़ साल लगेंगे

विभाग ने परियोजना को पूरा करने के लिए करीब डेढ़ साल का समय निर्धारित किया है। जल्द ही कार्य आरंभ होने की उम्मीद है। परियोजना पूरी होने के बाद हजारों स्थानीय निवासियों के साथ-साथ रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

RELATED NEWS

Most Popular