Wednesday, February 25, 2026
Homeखेल जगतवेदांत कृष्ण का अंडर-14 नेशनल गेम्स के लिए चयन-विद्यालय के लिए गौरव...

वेदांत कृष्ण का अंडर-14 नेशनल गेम्स के लिए चयन-विद्यालय के लिए गौरव का क्षण

कक्षा 7 के प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी एवं गोलकीपर वेदांत कृष्ण ने अपनी उत्कृष्ट खेल क्षमता का प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 नेशनल गेम्स में स्थान सुरक्षित किया है। वेदांत जल्द ही अंबाला स्थित राष्ट्रीय प्रशिक्षण कैंप में शामिल होंगे, जहाँ उन्हें अनुभवी कोचों से उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण प्राप्त होगा। कैंप उपरांत वे मध्य प्रदेश में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेल महाकुंभ में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय के निदेशक श्री विक्रांत मायना एवं श्रीमती सान्या मायना ने वेदांत के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके समर्पण, कठोर परिश्रम और खेल के प्रति जुनून का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा से खिलाड़ियों को उत्कृष्ट अवसर और अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है, और वेदांत जैसे खिलाड़ी इस प्रतिबद्धता को सार्थक बनाते हैं।

प्रधानाचार्या श्रीमती सविता नेहरा ने वेदांत की इस उपलब्धि को विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए “अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी क्षण” बताया। उन्होंने कहा कि वेदांत ने न केवल अपने खेल से बल्कि अपने अनुशासन और निरंतरता से भी विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने विद्यालय की खेल संस्कृति, कोचिंग टीम व अभिभावकों के सहयोग की विशेष सराहना की।

सह-निदेशक श्री हिमांशु गुप्ता ने फुटबॉल कोच श्री पंकज की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन ने खिलाड़ियों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वेदांत कृष्ण की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय परिवार उनकी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ देता है।

RELATED NEWS

Most Popular