Saturday, August 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरोल मॉडल बना यूपी का एंटी रोमियो स्क्वायड : बेटियों की सुरक्षा...

रोल मॉडल बना यूपी का एंटी रोमियो स्क्वायड : बेटियों की सुरक्षा के लिए दिल्ली सरकार ने ‘शिष्टाचार स्क्वाड’ गठित किया

यूपी की बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार की पहल और योजनाएं एक बार फिर विभिन्न राज्यों के लिए रोल मॉडल बनकर उभरी हैं।

दिल्ली सरकार ने ईव टीजिंग और उत्पीड़न पर रोक लगाने के लिए योगी सरकार की एंटी रोमियो स्क्वायड की तर्ज पर शिष्टाचार स्क्वायड का गठन करने का फैसला लिया है।  इसे राजधानी दिल्ली के सभी संवेदनशील इलाकों में तैनात किया जाएगा। यह स्क्वायड यूपी के एंटी रोमियो स्क्वायड की तरह ही काम करेगा। दिल्ली पुलिस कमिश्नर के आदेशानुसार हर जिले में कम से कम दो विशेष दस्ते तैनात किए जाएंगे।

वहीं दिल्ली पुलिस के मुताबिक, जिन जगहों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं ज्यादा होती हैं, उन स्थानों को ‘हॉटस्पॉट’ के रूप में चिह्नित किया जाएगा।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मनचलों और शोहदों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए प्रदेश में एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन किया था।

अब तक एक करोड़ से अधिक स्थानों पर की गई चेकिंग

वहीं यूपी के डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप मनचलों और शोहदों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन किया गया था। इसके लिए प्रदेश के हर थाने में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की अलग से तैनाती की गयी थी। इसमें शामिल पुलिसकर्मी को स्कूल, काॅलेज, मुख्य बाजारों, मंदिर, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर गश्त कर बेटियों, महिलाओं से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा के संबंध में जागरूक करना था। साथ ही मनचलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना था। डीजीपी ने बताया कि सीएम योगी के निर्देश पर प्रदेश भर में लगातार एंटी रोमियो स्क्वायड द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 22 मार्च 2017 से 5 फरवरी 2025 तक 1,08,85,450 स्थानों पर 4,00,58,562 व्यक्तियों को चेक किया गया है। वहीं अभियान के दौरान 24,009 अभियोग दर्ज करते हुए 32,291 व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की गयी, जबकि 1,47,04,311 व्यक्तियों को चेतावनी देकर छोड़ा गया।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular