Thursday, October 29, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक के मॉल गोदाम रोड पर ‘कैद’ जिंदगी : सड़क पर ट्रकों...

रोहतक के मॉल गोदाम रोड पर ‘कैद’ जिंदगी : सड़क पर ट्रकों का कब्जा, जाम में व्यापारियों का कारोबार बेहाल

कविता.रोहतक: कहीं सड़क किनारे खड़े ट्रक, कहीं बेतरतीब पार्किंग और बीच में रेंगते वाहन, रोहतक की पुरानी अनाज मंडी की माल गोदाम रोड पर हालात ऐसे हैं कि सड़क से गुजरना भी किसी चुनौती से कम नहीं। जाम में आम आदमी का समय बर्बाद हो रहा है तो व्यापारियों के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। स्कूल बसों के फंसने से बच्चों की परेशानी अलग है। अब व्यापारियों ने इस समस्या को लेकर पुलिस प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। थाना प्रभारी को शिकायत देकर साफ कहा है कि सड़क को जाम से मुक्ति दिलाई जाए, ट्रैफिक पुलिस तैनात हो और भारी वाहनों के प्रवेश का समय तय किया जाए।

दुकानें खुली हैं, लेकिन ग्राहकों का रास्ता जाम

माल गोदाम रोड पर दुकानदारों के सामने संकट सिर्फ कारोबार चलाने का नहीं, बल्कि ग्राहकों को दुकान तक पहुंचाने का भी है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर दिन-रात जाम की स्थिति बनी रहती है। वाहन बेतरतीब खड़े रहते हैं और रास्ता बाधित होने से लोगों को निकलने में मशक्कत करनी पड़ती है। ऐसे में ग्राहक मंडी तक आने से कतराते हैं, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ता है। व्यापारियों की शिकायत है कि जिस सड़क से कारोबार को रफ्तार मिलनी चाहिए, वही जाम के कारण परेशानी का रास्ता बन गई है।

ट्रकों की आवाजाही और अवैध पार्किंग ने बिगाड़ा खेल

व्यापारियों ने शिकायत में जाम की बड़ी वजह मंडी में आने-जाने वाले ट्रकों और दूसरे वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही तथा अवैध पार्किंग को बताया है। सड़क पर वाहन खड़े रहने से रास्ता संकरा हो जाता है और यातायात का दबाव बढ़ते ही वाहनों की कतार लग जाती है। समस्या यह है कि जब तक पार्किंग व्यवस्थित नहीं होगी और भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित नहीं की जाएगी, तब तक जाम से राहत मिलना मुश्किल है। व्यापारियों ने पुलिस से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करने की मांग की है।

 जाम में फंसी स्कूल बसें, बच्चों की राह भी मुश्किल

जाम का असर सिर्फ व्यापारियों और ग्राहकों तक सीमित नहीं है। शिकायत पत्र में स्कूल बसों के जाम में फंसने से बच्चों को होने वाली परेशानी का भी उल्लेख किया गया है। रास्ता बाधित होने से बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में दिक्कत हो सकती है, वहीं आम लोगों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ता है। व्यापारियों का कहना है कि यातायात व्यवस्था को नजरअंदाज करने का खामियाजा हर वर्ग को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में सड़क पर यातायात का दबाव कम करना और वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित करना जरूरी है।

ट्रैफिककर्मी तैनात करो, भारी वाहनों का समय बांधो

लगातार बनी परेशानी के बीच व्यापारियों ने अब पुलिस प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। थाना प्रभारी को सौंपे शिकायत पत्र में माल गोदाम रोड पर स्थायी रूप से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती, अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भारी वाहनों के प्रवेश के लिए निश्चित समय तय करने की मांग की गई है। शिकायत के साथ जाम की तस्वीरें संलग्न होने का भी उल्लेख है। पत्र की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक को भेजी गई है।

RELATED NEWS

Most Popular