Saturday, April 27, 2024
Homeहरियाणाटोल टैक्स बढ़ोतरी पर रणदीप सुरजेवाला बोले- ''जजिया कर” की वसूली बंद...

टोल टैक्स बढ़ोतरी पर रणदीप सुरजेवाला बोले- ”जजिया कर” की वसूली बंद करे भाजपा सरकार

चंडीगढ़। कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि बढ़ती महंगाई व हर रोज हो रही पेट्रोल-डीजल पर टैक्स की लूट के बीच जनता के ऊपर हरियाणा में सभी टोल रोड पर टोल टैक्स वृद्धि के रूप में एक और मार पड़ने जा रही है। इसके कारण हरियाणा में एक अप्रैल से सफर करना और भी महंगा हो जाएगा।

एक अप्रैल से देश व प्रदेश में होने जा रही टोल दरों की वृद्धि को सरकारी लूट और जनता से विश्वासघात बताते हुए सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला और सरकार से इस टोल वृद्धि को वापस लेकर जनता को तत्काल राहत देने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की शोषक मोदी सरकार ने हरियाणा में विभिन्न हाईवे, एक्सप्रेस-वे, केएमपी, नारनौल-चंडीगढ़ एक्सप्रेस-वे, खेड़की दौला टोल प्लाजा, दिल्ली-पटियाला राजमार्ग पर खटकड़ टोल प्लाजा, जींद-गोहाना-सोनीपत राजमार्ग पर लूदाना टोल प्लाजा, गुड़गांव-सोहना राजमार्ग पर घामड़ोज़ टोल प्लाजा, दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे पर हिलालपुर टोल प्लाजा, हिसार-चंडीगढ़ राजमार्ग संख्या 152 सहित सभी हाईवे पर एक अप्रैल 2024 से टोल दरों में 5 से 25 रुपये तक की बढ़ोतरी का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि सैनीमाजरा टोल प्लाजा, घरौंडा टोल प्लाजा, घग्गर टोल प्लाजा, मकड़ौली टोल प्लाजा, डीघल टोल प्लाजा, सोनीपत में झरोठी टोल प्लाजा, नारनौल में सिरोही टोल प्लाजा पर व्यक्तिगत वाहनों के लिए ₹5-10 की वृद्धि किया जाना आम जनता पर अत्याचार है।

रणदीप ने याद दिलाया कि पहले 5-7 साल में एक बार टोल दरें बढ़ा करती थीं, लेकिन मोदी व हरियाणा की जनविरोधी भाजपा सरकार तो हर साल एक्सप्रेस-वे, स्टेट हाईवे की टोल दरें बढ़ाकर आमजनों को लूटने में लगी है। एक अप्रैल से टोल दरों के नाम पर हर वाहन को 5 से 25 रूपये प्रति वाहन एक फेरे में ज्यादा टोल देना होगा। वहीं टोल दरें बढने से बसों का किराया भी 5 से 10% बढ जायेगा जो पहले से ही महंगाई से जूझ रही आम जनता पर बड़ा बोझ होगा।

सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश की जनता के साथ भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे अन्याय को कांग्रेस कतई सहन नहीं करेगी। भाजपा सरकार को टोल दरों में वृद्धि (जजिया कर) का निर्णय तुरंत वापस लेना चाहिए, अन्यथा प्रदेश की जनता उन्हें सबक सिखाकर रहेगी।

- Advertisment -
RELATED NEWS

Most Popular