कविता.रोहतक : अब घर के बाहर खड़ी गाड़ी भी महफूज नहीं है। रात में घर के सामने कार खड़ी कर सोने वाले लोगों को सुबह बड़ा झटका लग रहा है। सेक्टर-2 में घर के बाहर खड़ी क्रेटा चोरी हो गई।
इससे पहले सेक्टर-34 स्थित सनसिटी में भी रमेश अहलावत की गाड़ी घर के बाहर से चोरी हो चुकी है। वहां सीसीटीवी
फुटेज भी सामने आई, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका। लगातार हो रही इन वारदातों ने रिहायशी इलाकों में वाहन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रात को खड़ी की क्रेटा, सुबह गायब मिली
सेक्टर-2 में नमन की घर के बाहर खड़ी क्रेटा गाड़ी चोरी हो गई। परिवार ने रात को वाहन घर के बाहर खड़ा किया था। सुबह उठकर देखा तो गाड़ी मौके से गायब थी। आसपास तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाना में शिकायत दी है।
सनसिटी में भी घर के बाहर से कार चोरी
सेक्टर-34 स्थित सनसिटी में रमेश अहलावत की गाड़ी भी घर के बाहर से चोरी हो चुकी है। रात के समय खड़ी कार को चोर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
सीसीटीवी में हलचल, चोर फिर भी पकड़ से बाहर
सनसिटी की वारदात में सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद चोरों तक पहुंचना चुनौती बना रहा। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां रिकॉर्ड हुईं, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल सका। इससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
रात और अलसुबह चोरों का टारगेट टाइम
चोरों के लिए रात और अलसुबह का समय मुफीद साबित हो रहा है। सड़कों पर आवाजाही कम होते ही घरों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाया जा रहा है। कुछ ही देर में गाड़ी लेकर चोर फरार हो जाते हैं और मालिकों को सुबह वारदात का पता चलता है।
घर के बाहर गाड़ी खड़ी है तो रहें सतर्क
इन घटनाओं के बाद रिहायशी सेक्टरों में वाहन मालिकों को सतर्क रहने की जरूरत है। वहीं पुलिस के सामने रात की गश्त बढ़ाने और वाहन चोरों पर शिकंजा कसने की चुनौती है। लोगों की मांग है कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग के साथ सीसीटीवी निगरानी भी मजबूत की जाए।


